Edited By Urmila,Updated: 22 Mar, 2026 01:36 PM

मोती नगर इलाके में स्थित आर. के. रोड पर उस समय मौत का तांडव देखने को मिला, जब शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक भीषण गैस धमाके ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया।
लुधियाना (राज): मोती नगर इलाके में स्थित आर. के. रोड पर उस समय मौत का तांडव देखने को मिला, जब शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक भीषण गैस धमाके ने पूरे इलाके को दहला कर रख दिया। सूर्या निटवियर नामक फैक्ट्री में हुए इस जोरदार विस्फोट ने न केवल फैक्ट्री की दीवारें गिरा दीं, बल्कि वहां सो रहा हेल्पर भी जिंदा जल गया, धमाका इतना शक्तिशाली था कि इसकी गूंज दूर-दराज के इलाकों तक सुनाई दी, जिससे गहरी नींद में सोए लोग दहशत के मारे घरों से बाहर निकल आए।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक मंजर रात के करीब 2:30 बजे पेश आया। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के एक कमरे में गैस का रिसाव हो रहा था और जैसे ही कमरे में गैस का दबाव बढ़ा, एक जबरदस्त धमाका हुआ। धमाके के साथ ही पूरे कमरे में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। बदकिस्मती से उस वक्त कमरे के भीतर 50 वर्षीय हेल्पर राम नरेश गहरी नींद में सोया हुआ था। धमाका इतना अचानक और तेज था कि कमरे की एक दीवार ताश के पत्तों की तरह ढह गई और राम नरेश को संभलने का मौका नहीं मिला। आग की लपटों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और देखते ही देखते उसकी तड़प-तड़प कर मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब कमरे का मंजर देखा तो हर किसी की रूह कांप गई। पुलिस टीम ने पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के परिवार को इलाहाबाद में सूचना दे दी गई है। परिजनों के लुधियाना पहुंचने के बाद ही उनके बयानों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी और पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले किया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि गैस रिसाव के पीछे प्रबंधन की लापरवाही थी या यह महज एक तकनीकी हादसा था।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here