Ludhiana: शराब ठेकेदारों से 17 लाख की लूट का पर्दाफाश, दबोचे 3 लुटेरे

Edited By Kamini,Updated: 24 Apr, 2026 04:45 PM

robbery of liquor contractors in ludhiana busted

अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुगरी थाना पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब पुलिस ने शराब ठेकेदारों के कर्मचारी से हुई लाखों की लूट के मामले को महज चंद दिनों में ट्रेस कर लिया।

लुधियाना (राज) : अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुगरी थाना पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब पुलिस ने शराब ठेकेदारों के कर्मचारी से हुई लाखों की लूट के मामले को महज चंद दिनों में ट्रेस कर लिया। पुलिस ने इस वारदात में शामिल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10,54,000 रुपये की नकदी, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और घातक हथियार बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के दिशा-निर्देशों पर गठित विशेष टीमों ने वैज्ञानिक तरीकों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर इन आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

जानकारी देते हुए डीसीपी जसकिरणजीत सिंह तेजा ने बताया कि लूट की यह वारदात 17 अप्रैल की रात को हुई थी। शिकायतकर्ता शिवकरण सिंह बिसला, जो गंगा नगर ग्रुप (शराब ठेकेदार) के हिस्सेदार हैं, ने पुलिस को बताया था कि उनका कर्मचारी हरदीप सिंह उर्फ हैप्पी बोलेरो कैंपर गाड़ी में कैश लेकर विशाल नगर स्थित दफ्तर जा रहा था। रात करीब 10:15 बजे जब वह दफ्तर के बाहर पहुंचा, तो पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 अज्ञात युवकों ने उसे घेर लिया। हमलावरों ने डरा-धमकाकर हरदीप से कैश वाला बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता के मुताबिक उस बैग में करीब 17 लाख रुपये की मोटी रकम थी।

सीसीटीवी और साइंटिफिक जांच से हत्थे चढ़े आरोपी :

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी जसकिरनजीत सिंह तेजा और एडीसीपी करणवीर सिंह की देखरेख में थाना दुगरी के एसएचओ गुरमुख सिंह और चौकी शहीद भगत सिंह नगर के इंचार्ज रविंदर कुमार की विशेष टीमों ने जांच शुरू की। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी इनपुट्स के आधार पर 3 आरोपियों हरमनप्रीत सिंह उर्फ हनी, गुरदीप सिंह उर्फ बॉबी और धीरज कुमार उर्फ चंगला को नामजद किया। पुलिस ने अलग-अलग छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के पास से बरामद हुआ हथियारों का जखीरा और नकदी :

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 24 वर्षीय हरमनप्रीत सिंह निवासी दशमेश नगर, 21 वर्षीय गुरदीप सिंह निवासी शहीद करनैल सिंह नगर और 24 वर्षीय धीरज कुमार उर्फ चंगला शामिल हैं। पुलिस ने हरमनप्रीत से 3.20 लाख, गुरदीप से 4.14 लाख और धीरज से 3.20 लाख रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल टीवीएस मोटरसाइकिल एक छोटी किरपान और दातर भी बरामद किया है।

पूछताछ में खुल सकते हैं कई और राज :

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी धीरज कुमार के खिलाफ पहले भी दुगरी थाने में 2 केस दर्ज हैं, जबकि अन्य 2 का पुराना रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गहन पूछताछ के दौरान आरोपियों से बाकी बची रकम की बरामदगी और शहर में हुई अन्य वारदातों के बारे में भी अहम सुराग हाथ लग सकते हैं। फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन लुटेरों को कंपनी के किसी अंदरूनी सूत्र ने टिप दी थी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!