Edited By Vatika,Updated: 23 Apr, 2026 12:07 PM

शहर के शेरपुर रोड स्थित Spring Dale स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने
लुधियाना(विक्की, राज): शहर के शेरपुर रोड स्थित Spring Dale स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रबंधन को एक धमकी भरा ई-मेल मिला, जिसमें रेलवे ट्रैक को भी निशाना बनाने का जिक्र किया गया है। बताया जा रहा है कि मानव रचना इंटरनेशनल स्कूल, डी.ए.वी. बीआरएस नगर और पोदार इंटरनेशनल स्कूल को भी इसी तरह की धमकियां मिली हैं। धमकी भरी मेल के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई और सभी स्कूलों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अभिभावकों में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है।
स्कूल की चेयरपर्सन अविनाश कौर वालिया ने बताया कि जब ई-मेल मिला, उस समय स्कूल में बच्चे मौजूद थे। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और एहतियात के तौर पर सभी बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल प्रबंधन को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि शहर के कई स्कूलों और रेलवे ट्रैक को निशाना बनाया जा सकता है। ई-मेल में यह भी कहा गया कि ‘ब्लैकआउट’ के कारण 23 और 24 अप्रैल को बड़े धमाके हो सकते हैं।
धमकी के बाद रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस ने रेलवे लाइनों की भी बारीकी से जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से ई-मेल आईडी को ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। पूरे शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और हर जगह निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह शरारत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।