Edited By Subhash Kapoor,Updated: 11 Sep, 2026 05:48 PM

संगरूर के दिड़बा में गुलजार सिंह की मौत का मामला अब सियासी बयानबाजी का केंद्र बनता जा रहा है। भाजपा नेताओं के गांव पहुंचने और कथित विरोध को लेकर पंजाब के मंत्री हरजोत बैंस के दावे पर पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने पलटवार किया है।
पंजाब डेस्क: संगरूर के दिड़बा में गुलजार सिंह की मौत का मामला अब सियासी बयानबाजी का केंद्र बनता जा रहा है। भाजपा नेताओं के गांव पहुंचने और कथित विरोध को लेकर पंजाब के मंत्री हरजोत बैंस के दावे पर पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने पलटवार किया है। AAP छोड़ने के बाद हरभजन सिंह लगातार पार्टी नेताओं पर सोशल मीडिया के जरिए निशाना साध रहे हैं। अब गुलजार सिंह मामले को लेकर बैंस और हरभजन सिंह के बीच एक्स पर हुई बयानबाजी ने पंजाब की सियासत में नई बहस छेड़ दी है।
हरभजन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैंस को जवाब देते हुए कहा कि पहले अपने तथ्य सही करने चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि बैंस को अपने "चमचों" से सही जानकारी लेनी चाहिए, जो गुलजार सिंह के परिवार से मिलने गए थे। हरभजन सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने बैंस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि "आपकी पूरी बदमाशी चलती है जनाब, आप जो चाहें कर सकते हैं।" इसके साथ ही उन्होंने गुलजार सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि जब अंतिम संस्कार जबरदस्ती करवाया जा सकता है, तो उनके छोड़े हुए लोग किसी का रास्ता भी रोक सकते हैं।
बैंस ने भाजपा नेताओं के विरोध का किया था दावा
दरअसल, मंत्री हरजोत बैंस ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उन्होंने दावा किया था कि गुलजार सिंह के परिवार से मिलने गांव पहुंचे भाजपा नेताओं का ग्रामीणों ने विरोध किया।बैंस के मुताबिक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, सुनील जाखड़ और अन्य नेता गांव पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते उन्हें वापस लौटना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता गुलजार सिंह की मौत पर सियासी फायदा उठाने की कोशिश कर रहे थे। बैंस ने इसे लेकर ग्रामीणों के गुस्से को "मौकापरस्त राजनीति" के खिलाफ जनता का जवाब बताया।
