Edited By Subhash Kapoor,Updated: 08 Sep, 2026 07:09 PM

संगरूर निवासी गुलजार सिंह की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने गंभीरता दिखाते हुए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाब तलब किया है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शीतल...
पंजाब डैस्क : संगरूर निवासी गुलजार सिंह की मौत के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने गंभीरता दिखाते हुए पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन से जवाब तलब किया है। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा, पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक शीतल अंगुराल द्वारा आज राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग को शिकायत देकर मामले में लगाए गए गंभीर आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई थी।
अंगुराल ने कहा कि उनकी शिकायत पर संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), डिप्टी कमिश्नर संगरूर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संगरूर को नोटिस जारी किया है। आयोग ने संबंधित अधिकारियों से नोटिस प्राप्त होने के पांच दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने कहा कि आयोग ने संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए इस मामले की जांच/पूछताछ करने का निर्णय लिया है। यह घटनाक्रम गुलजार सिंह के परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
अंगुराल ने कहा, “मैंने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के समक्ष गुलजार सिंह की मौत से जुड़े गंभीर आरोपों को रखते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी। आयोग द्वारा तत्काल संज्ञान लेकर पंजाब के उच्च अधिकारियों को नोटिस जारी करना इस बात को स्पष्ट करता है कि मामले की गंभीरता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।” उन्होंने कहा कि गुलजार सिंह के परिवार को न्याय मिलना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि पंजाब सरकार और संबंधित अधिकारी आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा में पूरी कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे।