Edited By Kamini,Updated: 08 Sep, 2026 06:00 PM

छावनी मोहल्ला इलाके दिनदहाड़े बड़ी वारदात सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे इलाके में उस समय दहशत फैल गई जब अज्ञात हमलावरों ने एक कार में जमकर तोड़फोड़ की।
लुधियाना (राज) : छावनी मोहल्ला इलाके दिनदहाड़े बड़ी वारदात सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे इलाके में उस समय दहशत फैल गई जब अज्ञात हमलावरों ने एक कार में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान इलाके में गोलियां चलने का भी दावा किया जा रहा है, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में भगदड़ मच गई।
सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-4 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हालांकि, घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल के दौरान पुलिस को जमीन से गोली का कोई खोल बरामद नहीं हुआ है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम को एक सफेद रंग की ग्रैंड आई-10 निओस कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में लावारिस खड़ी मिली। हमलावरों ने तेजधार हथियारों व डंडों से हमला कर कार के अगले और पिछले दोनों शीशे पूरी तरह चकनाचूर कर दिए थे।
हैरानी की बात यह रही कि वारदात के समय और पुलिस के पहुंचने तक कार का मालिक मौके पर मौजूद नहीं था। किसी अनहोनी या रंजिश की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तुरंत क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर थाने पहुंचा दिया। वारदात के तुरंत बाद इलाके से एक सनसनीखेज सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वीडियो फुटेज में एक संदिग्ध युवक खुलेआम हाथ में बंदूक लेकर सड़क पर जाता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि उसी दौरान एक अन्य युवक अपनी जान बचाकर वहां से तेजी से भागता नजर आ रहा है। फुटेज सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल और गहरा गया है।
मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर अश्वनी ने बताया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि छावनी मोहल्ला में फायरिंग हुई है और उपद्रवियों ने एक गाड़ी तोड़ दी है। उनका कहना है कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची। घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया, लेकिन वहां से गोली का कोई खाली खोल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर लिया है और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इलाके के तमाम रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय दुकानदारों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि मामला पुरानी रंजिश का है या आपसी तकरार का, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here