Edited By Vatika,Updated: 23 Oct, 2026 12:55 PM

महानगर के पॉश इलाके राजगुरु नगर में बेखौफ घूम रहे अपराधियों ने एक बार फिर
लुधियाना(राज): महानगर के पॉश इलाके राजगुरु नगर में बेखौफ घूम रहे अपराधियों ने एक बार फिर कमिश्नरेट पुलिस के सुरक्षा प्रबंधों और गश्त के दावों की हवा निकाल दी है। अभी हाल ही में एक्टिवा सवार महिला के साथ हुई लूट की गूंज शांत भी नहीं हुई थी कि लुटेरों ने उसी इलाके में एक और दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। इस बार बदमाशों ने अपने घर के बाहर पैदल जा रही एक बुजुर्ग महिला भूपिंदर सिंह को निशाना बनाया और तेजधार हथियार दिखाकर उसके गले से सोने की चेन झपट ली। पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज साफ बयां करती है कि औद्योगिक नगरी में लुटेरे किस कदर निडर होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस केवल 'सांप निकल जाने के बाद लकीर पीटने' तक सीमित रह गई है।
गाड़ी से उतरकर घर की तरफ जा रही थी बुजुर्ग महिला, घर के बाहर ही घेरा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित बुजुर्ग महिला अपनी गाड़ी से उतरकर कुछ ही कदमों की दूरी पर स्थित अपने घर की तरफ पैदल जा रही थीं। वह अभी अपने घर के मुख्य दरवाजे के पास पहुंची ही थीं कि अचानक एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन नकाबपोश लुटेरे वहां आ धमके। लुटेरों ने पलक झपकते ही बाइक महिला के आगे अड़ा दी और उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। हैरानी और चिंताजनक बात यह रही कि जिस समय यह वारदात अंजाम दी जा रही थी, उस समय सड़क पर आसपास से अन्य लोग और वाहन भी गुजर रहे थे। बदमाशों ने बुजुर्ग महिला के सामने चमकते हुए तेजधार हथियार निकाल लिए और उन पर तान दिए। हाथ में घातक हथियार देखकर महिला बुरी तरह सहम गईं और लुटेरे उनके गले से सोने की चेन खींचने लगे। आसपास मौजूद राहगीर भी लुटेरों के हाथ में नुकीले व धारदार हथियार देखकर बुरी तरह डर गए और खौफ के मारे किसी ने भी आगे बढ़कर महिला को बचाने या लुटेरों को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटाई।
धमकाते हुए फरार हुए तीनों लुटेरे, CCTV में रिकॉर्ड हुई वारदात
बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटने के बाद तीनों लुटेरे खुलेआम हथियार लहराते और लोगों को जान से मारने की धमकियां देते हुए बाइक पर तेजी से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई। यह पूरी घटना पास के एक मकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है, जिसमें तीनों लुटेरों के आने, हथियार तानने, लूट करने और भागने का पूरा क्रम कैद हुआ है।
थाना सराभा नगर पुलिस को शिकायत, सुरक्षा पर उठे सवाल
वारदात के तुरंत बाद पीड़िता के परिजनों ने थाना सराभा नगर की पुलिस को औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि थाना सराभा नगर के अधीन आने वाले इलाकों (बीआरएस नगर और राजगुरु नगर) में लगातार एक के बाद एक स्नैचिंग व लूट की वारदातें हो रही हैं। महिलाओं और बुजुर्गों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया है। लोगों का आरोप है कि पुलिस केवल घटना के बाद मौके पर पहुंचकर खानापूर्ति करती है, जबकि जमीनी स्तर पर गश्त और नाकाबंदी नदारद है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लुटेरों की तुरंत शिनाख्त कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाए और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त की जाए।