Ludhiana में सफाई के विवाद पर गुंडागर्दी, ईंटों व लोहे के तवे से हमला... नकाबपोशों ने मचाया उत्पात

Edited By Kamini,Updated: 21 Oct, 2026 12:25 PM

controversy over cleanliness in ludhiana

महानगर में मामूली सी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक टकराव में बदल गया, जब गली की सफाई के मुद्दे पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ईंटों और लोहे के तवे से जानलेवा हमला बोल दिया।

लुधियाना (राज): महानगर में मामूली सी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय हिंसक टकराव में बदल गया, जब गली की सफाई के मुद्दे पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ईंटों और लोहे के तवे से जानलेवा हमला बोल दिया। हमले के दौरान न केवल पीड़ितों को बेरहमी से पीटा गया और सोने की चेन झपटी गई, बल्कि बाद में 15 से 16 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों को बुलाकर घरों के गेट और बाहर खड़े 5 वाहनों की जमकर तोड़फोड़ की गई। 

राजू गुप्ता की शिकायत पर टिब्बा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में केस दर्ज करते हुए मुख्य आरोपी पंकज गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को दर्ज करवाए गए आधिकारिक बयानों में राजू कुमार ने बताया कि गत 18 अक्टूबर  को गली की साफ-सफाई को लेकर उनका पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और दूसरे पक्ष के राजू गुप्ता, प्रवीन गुप्ता और पंकज गुप्ता ने मिलकर राजू कुमार को घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसकी लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकियां दीं। झगड़ा बढ़ता देख जब अनीता गुप्ता और जतिंदर सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपियों का गुस्सा और भड़क उठा। आरोपियों ने जतिंदर सिंह पर ईंटों और लोहे के भारी तवे से सीधा जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 

आरोप है कि इसी हाथापाई और मारपीट के दौरान आरोपी प्रवीन गुप्ता ने झपट्टा मारकर जतिंदर सिंह के गले से पहनी हुई सोने की कीमती चेन छीन ली। वारदात यहीं नहीं थमी, कुछ ही देर बाद आरोपियों ने अपने समर्थन में करीब 15 से 16 अज्ञात युवकों को बुला लिया। मुंह पर कपड़ा बांधे और हाथों में तेजधार हथियार व डंडे लिए पहुंचे इन उपद्रवियों ने पूरी गली में दहशत फैला दी। हमलावरों ने रास्ते में खड़े सुभाष पाल की बेरहमी से पिटाई की और घरों के मुख्य गेटों पर डंडे बरसाए। 

इसके अलावा उपद्रवियों ने घर के बाहर खड़ी 4 मोटरसाइकिलें और एक एक्टिवा स्कूटी को हथियारों से मारकर बुरी तरह तोड़ डाला और पूरे परिवार को जान से खत्म करने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों व घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों ने शिकायतकर्ता के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों व अज्ञात हमलावरों के खिलाफ दंगा करने, मारपीट, लूट/स्नैचिंग, तोड़फोड़ और धमकियां देने की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!