Edited By Vatika,Updated: 08 Oct, 2026 09:38 AM

लुधियाना के डीआईजी (DIG) कार्यालय के ठीक सामने बेखौफ युवकों ने दिनदहाड़े गुंडागर्दी करते हुए
लुधियाना (राज): लुधियाना के डीआईजी (DIG) कार्यालय के ठीक सामने बेखौफ युवकों ने दिनदहाड़े गुंडागर्दी करते हुए एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने न केवल पीड़ित की कार के शीशे तोड़ डाले और उस पर लाठियों से वार किया, बल्कि इलाके में दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। इस पूरी दुस्साहसिक वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ गया है, जिसमें हमलावर और उनकी कार स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामले की गहन पड़ताल शुरू कर दी है।
आरोपियों ने सन्नी को जान से मारने की दी धमकियां
शिकायतकर्ता सन्नी ने बताया कि वह अपने एक साथी के साथ निजी कार्य के सिलसिले में डीआईजी ऑफिस पहुंचा था। उसने अपनी गाड़ी दफ्तर के बाहर सुरक्षित खड़ी की और अंदर से हिसाब-किताब से जुड़ी कुछ जरूरी पर्चियां लेने चला गया। जैसे ही वह पर्चियां लेकर मुख्य गेट से बाहर निकला, वहां पहले से घात लगाकर खड़े 3 सिख युवकों और 1 मोने युवक ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने उसके साथ तीखी बहस शुरू कर दी। आरोपियों का कहना था कि उसने उनके मिस्त्रियों को काम से क्यों हटाया। बातचीत के दौरान तैश में आकर आरोपियों ने सन्नी को जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। इसके बाद परमजीत सिंह और उसके साथ मौजूद दो अज्ञात व्यक्तियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी से पीड़ित पर सीधा हमला बोल दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने पीड़ित की कार के शीशे चकनाचूर कर दिए और सरेआम हथियार निकालकर हवा में गोलियां दाग दीं, जिससे वहां मौजूद राहगीरों और दफ्तर के बाहर अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर तेजी से निकल भागे।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई
वारदात के तुरंत बाद इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें पूरी घटना कैद मिली है। वीडियो फुटेज में हमलावरों की सफेद रंग की स्विफ्ट कार साफ नजर आ रही है। इसके अलावा तीन मुख्य आरोपियों के चेहरे भी फुटेज में स्पष्ट रूप से पहचाने जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस के समक्ष आशंका जताई है कि इस सुनियोजित हमले के पीछे रणधीर सिंह (निवासी गांव घिनीवाला, फिरोजपुर) का हाथ हो सकता है और उसी ने रंजिश के चलते इन भाड़े के हमलावरों को उस पर जानलेवा हमला करने के लिए लुधियाना भेजा था। चौकी कैलाश पुलिस ने पीड़ित की लिखित शिकायत हासिल कर मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।