लुधियाना में सरेआम गुंडागर्दी, थाने में शिकायत दर्ज करवाकर लौट रहे बाप-बेटे को घेरकर पीटा

Edited By Kalash,Updated: 03 Oct, 2026 10:45 AM

hooliganism in ludhiana

महानगर के थाना पीएयू (PAU) के अंतर्गत आते सुखदेव एन्क्लेव इलाके में सरेआम हथियारों के बल पर गुंडागर्दी और जानलेवा हमले का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है।

लुधियाना (राज): महानगर के थाना पीएयू (PAU) के अंतर्गत आते सुखदेव एन्क्लेव इलाके में सरेआम हथियारों के बल पर गुंडागर्दी और जानलेवा हमले का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरी की शिकायत थाने में दर्ज करवाकर लौट रहे पिता-पुत्र का बीच सड़क पर रास्ता रोककर एक व्यक्ति ने पहले जमकर मारपीट की और फिर कमर से पिस्टल निकालकर उसे लोड करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। बचाव करने पहुंचे छोटे भाई के सिर पर आरोपी ने पिस्टल की बट से जोरदार प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इस खौफनाक वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर पिस्टल लोड करता और लोगों पर तानता नजर आ रहा है। घायल युवक को सिर पर 5 टांके आए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में सुखदेव एन्क्लेव निवासी 57 वर्षीय चरनजीत सिंह ने बताया कि 1 अक्टूबर की शाम करीब 7:00 बजे वह अपने बड़े बेटे पवन कुमार के साथ एक्टिवा पर सवार होकर स्थानीय थाने से एक शिकायत की पड़ताल करवाकर घर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे सुखदेव एन्क्लेव में अपने घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे, तभी इलाके के ही रहने वाले मनदीप सिंह उर्फ हनी ने अचानक उनकी एक्टिवा के आगे आकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपी मनदीप ने पवन कुमार को एक्टिवा से नीचे गिरा दिया और बिना किसी बातचीत के गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। सड़क पर मारपीट होती देख चरनजीत सिंह का छोटा बेटा साजन, भतीजा भरत कुमार और उनका दोस्त परमजीत सिंह कार से तुरंत मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे।

आसपास लोगों को इकट्ठा होते देख आरोपी मनदीप सिंह ने तैश में आकर अपनी कमर से अवैध पिस्टल निकाल ली। आरोपी ने सरेआम पिस्टल को (लोड) किया और पवन कुमार पर तान दी। जब छोटे बेटे साजन ने आगे बढ़कर आरोपी को रोकने का प्रयास किया, तो मनदीप ने पूरी ताकत से पिस्टल का पिछला हिस्सा (बट) साजन के सिर पर दे मारा। बट लगते ही साजन की खोपड़ी फट गई और खून का फव्वारा फूट पड़ा। जब भतीजे भरत कुमार ने बीच में आने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी सीधे पिस्टल तान दी। आसपास शोर मचने और भीड़ जुटने पर आरोपी गालियां बकता हुआ और जान से खत्म करने की धमकियां देता हुआ मौके से भाग निकला। खून से लथपथ साजन को उसका भाई पवन और परिजन आनन-फानन में सिविल अस्पताल लुधियाना लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने गंभीर चोट को देखते हुए उसके सिर पर 5 टांके लगाए। इस पूरी वारदात का एक सीसीटीवी/मोबाइल वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें आरोपी निडर होकर सड़क पर हथियार लहराता, लोड करता और हमला करता साफ दिखाई दे रहा है।

शिकायतकर्ता चरनजीत सिंह के अनुसार, इस पूरे विवाद की मुख्य वजह 3-4 दिन पुरानी एक रंजिश थी। पीड़ित पक्ष के कोठे (छत) से जंगला चोरी हो गया था, जिसकी लिखित शिकायत पवन कुमार ने थाने में मनदीप सिंह के खिलाफ दर्ज करवाई थी। इसी बात की खुंदक मनदीप के दिल में थी। वह पुलिस जांच में शामिल होने थाने तो नहीं पहुंचा, लेकिन जैसे ही बाप-बेटे थाने से लौट रहे थे, उसने घात लगाकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पीएयू की पुलिस ने 2 अक्टूबर को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनदीप सिंह उर्फ हनी के खिलाफ केस  दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को केस प्रॉपर्टी के रूप में शामिल किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उसे जल्द ही अवैध हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!