Ludhiana: ननद के विवाह समारोह में मोगा से आई महिला बनी ऑटो गिरोह की शिकार

Edited By Vatika,Updated: 02 Oct, 2026 10:29 AM

ludhiana robbery news

ननद के विवाह समारोह में मोगा से आई महिला बनी ऑटो गिरोह की शिकार: बातों में उलझाकर उड़ाए जेवरात व मोबाइल; 2 आरोपी काबू, ऑटो बरामद

लुधियाना(राज): महानगर में यात्रियों को बातों में उलझाकर और उनका ध्यान भटकाकर कीमती सामान चोरी करने वाले शातिर ऑटो गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मोगा से अपनी ननद के शादी समारोह में शामिल होने परिवार सहित लुधियाना पहुंची एक महिला का पर्स, सोने के जेवरात और मोबाइल फोन ऑटो सवार शातिरों ने उड़ा लिए। पीड़िता की सतर्कता और शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से मुख्य ऑटो चालक समेत दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया ऑटो रिक्शा और चोरीशुदा मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।

आम विषयों पर बातें करके पूरे परिवार का ध्यान भटकाते रहे
मामले की जानकारी देते हुए मोगा निवासी पीड़िता किरण रानी ने बताया कि 20 सितंबर को वह अपनी ननद की शादी में शामिल होने के लिए अपने पति, बेटी और बेटे के साथ बस से लुधियाना पहुंची थी। लुधियाना बस स्टैंड पर उतरने के बाद परिवार ने रिश्तेदार के घर जाने के लिए एक हरे रंग का ऑटो रिक्शा (नंबर PB10JE-8034) किराए पर लिया। ऑटो में चालक के अलावा दो अन्य युवक पहले से ही सवारी के रूप में बैठे हुए थे। किरण रानी के अनुसार, सफर के दौरान ऑटो में बैठे युवकों और चालक ने बेहद शातिराना अंदाज में उनके साथ बातचीत शुरू कर दी। वे पारिवारिक और आम विषयों पर बातें करके पूरे परिवार का ध्यान भटकाते रहे। इसी बीच मौका पाकर शातिरों ने बड़ी सफाई से महिला के बैग से सोने के गहने और मोबाइल फोन निकाल लिए। जब परिवार अपने गंतव्य पर पहुंचा और घर जाकर सामान की जांच की, तो बैग से कीमती जेवरात और मोबाइल फोन गायब पाकर उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई। महिला को तुरंत अहसास हुआ कि ऑटो चालक और उसके साथियों ने ही योजनाबद्ध तरीके से उनका ध्यान भटकाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।


मुख्य साथी इजरायल समेत दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार
वारदात के बाद पीड़िता ने तुरंत थाना डिवीजन नंबर 1 की पुलिस से संपर्क कर आपबीती सुनाई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाकर दो आरोपियों—मोहम्मद जाहुल और राजू सिंह को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हरे रंग का ऑटो रिक्शा और चुराया गया एक मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। मामले की जांच कर रहे सहायक ASI मनप्रीत सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गिरोह में शामिल मुख्य साथी इजरायल समेत दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की जाएगी ताकि चोरी किए गए बाकी सोने के जेवरात बरामद किए जा सकें और यह भी पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने महानगर में ऑटो लिफ्टिंग और चोरी की ऐसी कितनी अन्य वारदातों को अंजाम दिया है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!