पहले सोशल मीडिया पर दी कत्ल की धमकी! फिर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार, इलाके में फैली दहशत

Edited By Kamini,Updated: 27 Nov, 2026 11:58 AM

incident in ludhiana

महानगर में कानून व्यवस्था को धता बताते हुए हथियारबंद बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते 2 करीबी दोस्तों पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

लुधियाना (राज): महानगर में कानून व्यवस्था को धता बताते हुए हथियारबंद बदमाशों ने पुरानी रंजिश के चलते 2 करीबी दोस्तों पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस खूनी वारदात में एक युवक हनी बांसल की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी पवन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। वारदात थाना दरेसी के अंतर्गत आते इलाके जसवंत नगर की बिंद्रा कॉलोनी में गुरुवार रात घटी। 

हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर गलियों से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना दरेसी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इलाका निवासी नगिंद्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार रात को मोहल्ले के लोग अपने-अपने घरों में सो रहे थे। अचानक बाहर से चीख-पुकार और शोर सुनाई दिया कि किसी का कत्ल कर दिया गया है। जब लोग घबराकर घरों से बाहर गली में निकले, तो देखा कि 6 से 7 हमलावर दोनों युवकों पर तेजधार हथियारों से हमला करने के बाद गलियों के रास्ते फरार हो चुके थे, जबकि हनी बांसल और उसका दोस्त पवन गली में खून से लथपथ हालत में तड़प रहे थे।

मोहल्ले के लोगों ने तुरंत बिना देरी किए दोनों को घायल अवस्था में सी.एम.सी. अस्पताल पहुंचाया। इलाका निवासी राकेश कुमार ने इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक हनी बांसल को वारदात से कुछ घंटे पहले यानी गुरुवार दोपहर के समय ही जान से मारने की धमकी मिली थी। राकेश के मुताबिक, सोशल मीडिया के कुछ ग्रुपों में बाकायदा संदेश डाले गए थे कि हनी बांसल को मार देंगे और उसका मर्डर कर दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि हैबोवाल इलाके के कुछ लोगों के साथ हनी बांसल की पुरानी रंजिश चल रही थी। हनी और पवन दोनों बेहद करीबी दोस्त थे।

राकेश ने बताया कि सी.एम.सी. अस्पताल पहुंचने पर जब डॉक्टरों ने हनी बांसल की जांच की, तो पता चला कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरा घायल दोस्त पवन अस्पताल पहुंचने के समय होश में था और दर्द से कराहते हुए अपनी मां को याद कर रहा था। डॉक्टरों के अनुसार पवन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इस संबंधी जानकारी देते हुए थाना दरेसी के एएसआई सुखविंदर ने बताया कि, "वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और सोशल मीडिया पर दी गई धमकी व पुरानी रंजिश के सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर हमलावरों की पहचान की जा रही है।"

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!