13 तोले सोने के लालच में दोस्त बना कातिल, साथियों संग अगवा कर युवक की हत्या, छप्पर में फेंका शव

Edited By Vatika,Updated: 27 Nov, 2026 09:56 AM

ludhiana murder news

महानगर में लाखों रुपये के सोने के जेवरात पहनकर घर से निकले एक युवक की उसके ही परिचित दोस्त ने साथियों संग

लुधियाना (राज): महानगर में लाखों रुपये के सोने के जेवरात पहनकर घर से निकले एक युवक की उसके ही परिचित दोस्त ने साथियों संग मिलकर अपहरण करने के बाद निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने की नीयत से युवक के शव को एक छप्पर में फेंक दिया। थाना डिविजन नंबर-4 की पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा सहित तीन आरोपियों से पूछताछ के दौरान हुए इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पुलिस टीम शव बरामद करने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गई है। थाना डिविजन नंबर-4 की पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मिक्की आहूजा तथा उसके दो साथियों अजय सिंह और शिवा को गिरफ्तार किया था। पुलिस अधिकारियों द्वारा की गई सख्त पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए खुलासा किया कि उन्होंने पंकज अरोड़ा को अगवा करने के बाद मौत के घाट उतार दिया है और उसका शव एक छप्पर में फेंक दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस फोर्स शव को बाहर निकालने के लिए मौके पर जुटी हुई है। पुलिस अब इस मामले में हत्या की संगीन धाराएं जोड़ने की कार्रवाई कर रही है।

25 नवंबर की शाम मिक्की आहूजा से मिलने निकला था पंकज, झुग्गियों के पास मिली थी एक्टिवा
इस संबंध में मृतक के साले रोहित मनचंदा ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि बीती 25 नवंबर की शाम करीब 6:46 बजे उसका जीजा पंकज अरोड़ा पुत्र जीवन कुमार अपनी एक्टिवा स्कूटर पर सवार होकर अपने परिचित दोस्त मिक्की आहूजा से मिलने के लिए घर से निकला था। जब देर रात तक पंकज अरोड़ा घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पंकज की एक्टिवा मन्ना सिंह नगर की झुग्गियों के नजदीक लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसके बाद अपहरण की आशंका गहरा गई थी।

13 तोले से अधिक के सोने के आभूषण पहनकर निकला था मृतक, फरार साथियों की तलाश तेज
शिकायतकर्ता रोहित मनचंदा ने पुलिस को बताया कि घर से जाते समय उसके जीजा पंकज अरोड़ा ने भारी मात्रा में सोने के जेवरात पहने हुए थे, जिनमें 8 तोले सोने की चेन, 5 तोले सोने का कड़ा, 5 सोने की अंगूठियां शामिल थीं। रोहित ने अपने स्तर पर की गई पड़ताल के आधार पर आरोप लगाया था कि मिक्की आहूजा ने अपने साथियों शिवा, सचिन, अजय और 3-4 अज्ञात व्यक्तियों के साथ मिलकर उसके जीजा को जान से मारने की नीयत से अगवा किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव बरामद करने के साथ-साथ लूटे गए सोने के आभूषण रिकवर करने और वारदात में शामिल फरार आरोपी सचिन व 3-4 अज्ञात साथियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!