महानगर में झपटमारों के हौसले बुलंद, रिटायर्ड एयरफोर्स के जवान को बनाया निशाना

Edited By Kalash,Updated: 28 Nov, 2026 11:29 AM

snatching from retired air force personnel

बेखौफ हो चुके झपटमारों ने इस बार गमगीन माहौल के बीच एक रिटायर्ड वायुसेना (एयरफोर्स) जवान को अपना निशाना बना लिया।

लुधियाना (राज): बेखौफ हो चुके झपटमारों ने इस बार गमगीन माहौल के बीच एक रिटायर्ड वायुसेना (एयरफोर्स) जवान को अपना निशाना बना लिया। अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए रिटायर्ड जवान जब घर के बाहर बैठे थे, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया। हालांकि मौके पर मौजूद एक ऑटो चालक ने बहादुरी दिखाते हुए बदमाशों की बाइक में टक्कर मारकर उन्हें नीचे भी गिरा दिया, लेकिन आरोपी फुर्ती से उठकर भागने में कामयाब रहे। पूरी वारदात पास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को सूचित करने के साथ ही सांझ पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवा दी है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित कृष्णा नंद जोशी (73) करीब 7 साल पहले भारतीय वायुसेना से रिटायर हुए हैं। वे ऊंची मंगली इलाके में अपने बड़े भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आए हुए थे। वारदात के समय वे खाना खाने के बाद घर के बाहर बैठे हुए थे और उनके हाथ में उनका पोको एम7 5जी  मोबाइल फोन था। सामने आए सी.सी.टी.वी. फुटेज के अनुसार इसी दौरान टीवीएस स्टार सिटी प्लस मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो बदमाश वहां पहुंचे। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर रिटायर्ड जवान के हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया।

वारदात होते देख वहां से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने जबरदस्त सूझबूझ और बहादुरी का परिचय दिया। बदमाशों को भागता देख ऑटो चालक ने उन्हें रोकने के लिए तुरंत अपने ऑटो से उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों स्नैचर बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। हालांकि इससे पहले कि शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्रित होकर उन्हें दबोच पाते, दोनों शातिर बदमाश फुर्ती से उठे और अपनी बाइक उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।

घटना के बाद पीड़ित रिटायर्ड जवान ने तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी और सांझ (Saanjh) पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से इलाके में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज के आधार पर बाइक के नंबर और दोनों झपटमारों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

    Trending Topics

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!