CASO ऑपरेशन के बीच Ludhiana में चोरी की बाइक काटते पकड़ा युवक, पार्ट्स बेचने की थी तैयारी

Edited By Vatika,Updated: 08 Oct, 2026 08:24 AM

ludhiana caso operation

कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के सफाए के लिए चलाए जा रहे व्यापक 'कॉरडन एंड

लुधियाना, (राज): कमिश्नरेट पुलिस द्वारा नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के सफाए के लिए चलाए जा रहे व्यापक 'कॉरडन एंड सर्च ऑपरेशन' (CASO) के बीच जसपाल बांगर क्षेत्र में चोरी के दोपहिया वाहनों की खरीद-फरोख्त और उन्हें काटकर बेचने का मामला सामने आया है। जसपाल बांगर स्थित जय श्री राम कॉलोनी में एक युवक को घर के बाहर संदिग्ध मोटरसाइकिल खोलते हुए स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय नागरिकों की सूचना पर मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच के लिए संबंधित पुलिस चौकी कंगनवाल को सौंप दिया है।

सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा वीडियो
जानकारी के अनुसार, एक तरफ जहां जसपाल बांगर के मुख्य रास्तों और संकरी गलियों में आला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में भारी पुलिस बल सर्च ऑपरेशन चला रहा था, वहीं दूसरी ओर जय श्री राम कॉलोनी में एक युवक लावारिस मोटरसाइकिल के कलपुर्जे अलग करने में जुटा हुआ था। आसपास के लोगों को जब उस पर शक हुआ, तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर पूछताछ शुरू की और पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो में स्थानीय लोग युवक पर चोरी का वाहन ठिकाने लगाने का सीधा आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं। इलाका निवासियों का दावा है कि युवक चोरी की बाइकों को काटकर उनके स्पेयर पार्ट्स कबाड़ या सस्ते दामों में बेचने के गोरखधंधे में लिप्त है।हंगामे के दौरान जब युवक के पिता मनोज उपाध्याय से वाहन के संबंध में पूछा गया, तो उन्होंने दावा किया कि यह मोटरसाइकिल खरीदी गई है। हालांकि, जब लोगों और मीडिया कर्मियों ने बाइक की आरसी या खरीद से जुड़े वैध दस्तावेज दिखाने को कहा, तो पिता कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।

पीसीआर मुलाजिम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे
वहीं, कैमरे के सामने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर युवक ने स्वीकार किया कि वह यह मोटरसाइकिल चोरों से सस्ते में लेकर आया था और इसे खोलकर इसके पार्ट्स अलग-अलग बेचने की योजना बना रहा था। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि उक्त युवक पहले भी चोरी के मामलों में संदिग्ध रह चुका है, हालांकि पुलिस ने अभी इसके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की औपचारिक पुष्टि नहीं की है। माहौल तनावपूर्ण होते देख स्थानीय निवासियों ने तुरंत '112' पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर दी। सूचना मिलते ही पीसीआर मुलाजिम मलकीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पीसीआर अधिकारी ने दोनों पक्षों से प्राथमिक पूछताछ की और संदिग्ध मोटरसाइकिल को तुरंत अपनी कस्टडी में ले लिया। पीसीआर मुलाजिम मलकीत सिंह ने बताया कि मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है और मामले की अगली तफ्तीश के लिए पुलिस चौकी कंगनवाल को सूचित कर दिया गया है।


हैरानी की बात यह है कि पुलिस कमिश्नर के आदेशों पर पूरे जसपाल बांगर इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था, ठीक उसी वक्त रिहायशी कॉलोनी के अंदर चोरी की बाइक को काटने का खेल चल रहा था। इस घटना ने इलाके में चल रहे वाहन चोरों और अवैध स्क्रैप सिंडिकेट के नेटवर्क को उजागर कर दिया है। चौकी कंगनवाल के अधिकारियों का कहना है कि जब्त की गई मोटरसाइकिल के इंजन व चेसिस नंबर को ट्रेस कर असली मालिक का पता लगाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद वाहन चोरी और चोरी की संपत्ति खरीदने के आरोप में संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!