Edited By Kamini,Updated: 16 Oct, 2026 05:20 PM

इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद राहगीरों ने पीछा किया, तो चालक कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
लुधियाना (राज) : प्रताप चौक पर शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया, जिसमें पटियाला से एक शोक समागम में शामिल होने आई 63 वर्षीय बुजुर्ग महिला की ट्रक की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। महिला बस से नीचे उतरकर सड़क पार कर रही थीं, तभी ईंटों से लदे एक भारी ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद राहगीरों ने पीछा किया, तो चालक कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर लिया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची मृतका की बेटी रेखा ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उनकी 63 वर्षीय मां आशा रानी मूल रूप से पटियाला की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि, महिला पटियाला से बस में सवार होकर लुधियाना में अपने किसी परिचित के घर अंतिम अरदास (भोग समागम) में शामिल होने आ रही थीं जैसे ही बस प्रताप चौक पर रुकी, आशा रानी नीचे उतरीं और चौक पार करने लगीं। इसी दौरान सड़क से गुजर रहे ईंटों से भरे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक का भारी टायर सीधे महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उन्होंने मौके पर ही तड़पकर प्राण त्याग दिए।
हादसा देख आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मदद के लिए दौड़े और प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। लोगों ने भागते हुए ट्रक का पीछा किया, लेकिन लोगों को पीछे आता देख चालक हड़बड़ाहट में ट्रक को सड़क किनारे ही खड़ा कर भीड़ का फायदा उठाते हुए मौके से रफूचक्कर हो गया। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस के हाथ लगी है। प्रारंभिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से यह अंदेशा जताया जा रहा है कि सड़क पार करते समय शायद डिवाइडर से आशा रानी का पैर फिसल गया था। पैर फिसलने से वह लड़खड़ाकर सड़क की ओर गिर पड़ीं और तेजी से आगे बढ़ रहे ईंटों से लदे ट्रक के पहियों को देख नहीं पाईं, जिससे यह जानलेवा हादसा घटित हो गया। पुलिस जांच कर रही है ताकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here