Edited By Vatika,Updated: 09 Oct, 2026 09:04 AM

महानगर के पॉश इलाके बीआरएस नगर में दिनदहाड़े एक मोबाइल शोरूम से महंगा आईफोन झपटकर भागने का
लुधियाना, (राज) : महानगर के पॉश इलाके बीआरएस नगर में दिनदहाड़े एक मोबाइल शोरूम से महंगा आईफोन झपटकर भागने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शातिर युवक पहले सुबह किस्तों पर फोन लेने की बात पूछकर गया और दोपहर को फोन देखने के बहाने काउंटर से मोबाइल उठाकर बाहर खड़ी स्टार्ट एक्टिवा की तरफ दौड़ पड़ा।
हालांकि, दुकानदार की मुस्तैदी के चलते आरोपी को चंद कदमों की दूरी पर ही दबोच लिया गया। पकड़े जाने पर लोगों ने उसकी जमकर धुनाई की, लेकिन आरोपी जान से मारने और गोलियां दागने की धमकियां देते हुए अपनी एक्टिवा और सामान मौके पर ही छोडक़र पैदल फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही थाना सराभा नगर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक बीआरएस नगर स्थित मीत मोबाइल शॉप के संचालक ने बताया कि गुरुवार सुबह एक अज्ञात युवक उनकी दुकान पर पहुंचा। उसने दुकानदार से एप्पल आईफोन खरीदने की इच्छा जताई और आसान किस्तों की प्रक्रिया व शर्तों के बारे में जानकारी हासिल की। कुछ देर बातचीत करने के बाद वह औपचारिकताएं पूरी करने का झांसा देकर वहां से चला गया। दुकानदार के अनुसार, दोपहर के समय उक्त युवक दोबारा शोरूम पर आया। उसने काउंटर पर मौजूद सेल्समैन से आईफोन का मॉडल देखने के लिए मांगा। जैसे ही दुकानदार ने आईफोन निकालकर उसके हाथ में दिया, शातिर युवक ने बिजली की तेजी से उसे अपनी जेब/हाथ में दबाया और सीधे दुकान के बाहर की तरफ दौड़ लगा दी।
आरोपी ने भागने की पूरी योजना पहले से बना रखी थी और उसने दुकान के ठीक बाहर अपनी एक्टिवा स्कूटी को स्टार्ट मोड में खड़ा कर रखा था, ताकि झपट्टा मारकर तुरंत फरार हो सके। आरोपी को भागता देख दुकानदार और शोरूम के कर्मचारियों ने बिना वक्त गंवाए शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ लगा दी। शातिर इससे पहले कि स्टार्ट खड़ी एक्टिवा पर बैठकर एक्सीलेटर दबाता, दुकान के कर्मचारियों ने फुर्ती दिखाते हुए उसे वहीं दबोच लिया। मौके पर इक_े हुए लोगों और दुकानदारों ने आरोपी की जमकर धुनाई कर दी। खुद को घिरता देख आरोपी हाथापाई पर उतर आया और गोलियां मारने व अंजाम भुगतने की खुली धमकियां देते हुए लोगों की पकड़ से छूटकर पैदल ही भाग निकला। हड़बड़ाहट में भागने के चक्कर में आरोपी अपनी स्टार्ट खड़ी एक्टिवा और कुछ अन्य सामान मौके पर ही छोड़ गया। पीडि़त दुकानदार ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस की पीसीआर और जांच टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी की छोड़ी हुई एक्टिवा और अन्य सामान को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर, चेसिस नंबर और शोरूम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है।