Edited By Vatika,Updated: 06 Oct, 2026 11:11 AM

पिता की चिंता में किशोरी उनके झांसे में आ गई और उनके साथ चली गई।
लुधियाना (राज): एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को उसके पिता के सड़क हादसे में घायल होने का झूठा झांसा देकर बाइक पर ले जाने और रात भर घुमाने के बाद सड़क किनारे लावारिस छोड़कर भाग जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता को उसके ही एक रिश्तेदार ने टिब्बा रोड पर संदिग्ध हालत में खड़े देखा और सुरक्षित घर पहुंचाया। किशोरी द्वारा परिजनों को आपबीती बताए जाने के बाद पिता की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में मुद्दई ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी 1 अक्टूबर को घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। परिजन उसकी तलाश कर ही रहे थे कि 2 अक्टूबर को मुद्दई के साढ़ू जब गंदा नाला टिब्बा रोड से गुजर रहे थे, तो उन्होंने किशोरी को वहां सड़क किनारे लावारिस हालत में अकेले खड़े देखा। तुरंत उसे अपने साथ सुरक्षित घर ले आए और परिजनों के सुपुर्द किया। घर लौटने पर जब परिजनों ने किशोरी से अचानक चले जाने के बारे में पूछा, तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। नाबालिग पीड़िता ने बताया कि आरोपी मुंतजिर और बिल्ला नामक दो युवक उसके पास आए थे। उन्होंने किशोरी को यह कहकर डरा दिया कि उसके पिता का भीषण एक्सीडेंट हो गया है और वे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। पिता की चिंता में किशोरी उनके झांसे में आ गई और उनके साथ चली गई।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी उसे अस्पताल ले जाने के बजाय पूरी रात मोटरसाइकिल पर अलग-अलग इलाकों में इधर-उधर घुमाते रहे। अगले दिन, 2 अक्टूबर की सुबह दोनों आरोपी उसे गंदा नाला टिब्बा रोड पर बाइक से उतारकर मौके से तेजी से फरार हो गए। गनीमत रही कि कुछ ही देर बाद रिश्तेदार की नजर उस पर पड़ गई और वह सकुशल घर पहुंच सकी। शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों—मुंतजिर और बिल्ला के खिलाफ नाबालिग को बहला फुसलाकर ले जाने और बंधक बनाने की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।