लुधियाना में पूर्व सरपंच ह\त्याकांड में सनसनीखेज खुलासा, भाई ही निकला मास्टरमाइंड

Edited By Urmila,Updated: 04 Oct, 2026 04:44 PM

case of firing at former sarpanch in ludhiana

महानगर के लाडोवाल थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू (60) की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लेने का दावा किया है।

लुधियाना (राज): महानगर के लाडोवाल थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मनेवाल के पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीटू (60) की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझा लेने का दावा किया है। पुलिस कमिश्नर (CP) स्वप्न शर्मा ने खुलासा किया कि यह हत्याकांड किसी राजनीतिक रंजिश का नतीजा नहीं, बल्कि करोड़ों रुपये की 78 एकड़ पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर सगे चचेरे-ताये के भाइयों के बीच चल रहे दशकों पुराने खूनी विवाद का परिणाम है। पूर्व सरपंच की हत्या की पूरी साजिश उनके अपने ही भाई ने रची थी और भाड़े के शूटरों से इनोवा कार पर करीब 10 राउंड अंधाधुंध गोलियां चलवाईं। गंभीर रूप से घायल पूर्व सरपंच को डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

खेतों से अकेले लौट रहे थे, रास्ते में घेरकर की ताबड़तोड़ फायरिंग

जानकारी के अनुसार, कृष्णा नगर (घुमार मंडी) के रहने वाले 60 वर्षीय पूर्व सरपंच नवतेज सिंह नीटू शनिवार (3 अक्टूबर) की शाम मनेवाल गांव में अपनी 30-35 एकड़ जमीन पर चल रहे कामकाज की देखभाल करने गए थे। आमतौर पर उनका वकील बेटा भी उनके साथ रहता था, लेकिन शनिवार को वह किसी कारणवश उनके साथ नहीं गया और नवतेज सिंह अपनी इनोवा गाड़ी में अकेले ही घर लौट रहे थे। शाम करीब 6:25 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी लाडोवाल टोल प्लाजा पार कर साउथ सिटी रोड के पुल की तरफ मुड़ी, पंजाब फूड ऑफिस के समीप घात लगाए बैठे बाइक सवार दो शूटरों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। हमलावरों ने ठीक 6:27 बजे इनोवा के ड्राइवर साइड को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियों की बौछार कर दी, जिससे खिड़की का शीशा चकनाचूर हो गया और कई गोलियां नवतेज सिंह के शरीर में जा धंसीं।

डैशबोर्ड कैमरे में कैद हुई वारदात, शूटर का चेहरा हुआ बेनकाब

वारदात के बाद स्थानीय राहगीरों ने लहुलूहान हालत में नवतेज सिंह को उन्हीं की गाड़ी में डालकर तुरंत डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हत्याकांड का सबसे अहम और पुख्ता तकनीकी सुबूत मृतक की इनोवा कार में लगा डैशबोर्ड कैमरा  बना है। कार के डैशकैम में पूरी वारदात सेकंड-दर-सेकंड रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सामने से बाइक सवार दो युवक आते हैं, गाड़ी के पास मुड़ते हैं और पीछे बैठा शूटर पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर देता है। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने पुष्टि की है कि डैशकैम में शूटरों के चेहरे शीशे की तरह साफ कैद हुए हैं, जिसके आधार पर एक शूटर की पुख्ता पहचान कर ली गई है। 

दादा के समय से चल रहा था 78 एकड़ जमीन का सिविल विवाद: CP स्वप्न शर्मा

पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए बताया कि दोनों परिवारों के दादा सगे भाई थे। एक परिवार के पास करीब 34 एकड़ और दूसरे के पास 44 एकड़ जमीन है। दोनों पक्षों की जमीनें बिल्कुल सटी हुई हैं और उनके बीच स्थानीय अदालतों से लेकर माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट तक दीवानी मुकदमे विचाराधीन हैं। दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार टकराव, घेराबंदी और धमकियों के मामले सामने आ चुके हैं। शनिवार को मौका पाकर विरोधी परिवार ने सुपारी देकर इस खूनी वारदात को अंजाम दिलवाया। 

परिवार के मुखिया समेत 7 नामजद, 6 स्पेशल टीमें कर रहीं छापेमारी

कमिश्नरेट पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयानों और साक्ष्यों के आधार पर मुख्य साजिशकर्ता (विरोधी परिवार के मुखिया) सहित कुल 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी (सिटी) की निगरानी में पुलिस की 6 विशेष टीमें 24 घंटे लगातार दबिश दे रही हैं। वारदात के बाद से सभी नामजद आरोपी अपने घरों पर ताले लगाकर फरार हैं। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि शूटरों और साजिशकर्ताओं के फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंकेज खंगाले जा रहे हैं और बहुत जल्द सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। मृतक के शव का आज बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!