Ludhiana: खाली प्लॉट में मिला 32 वर्षीय युवक का श/व,  भड़के लोगों ने लगाया धरना

Edited By Kamini,Updated: 06 Oct, 2026 09:28 AM

people sit in protest against drug abuse

महानगर के थाना मेहरबान क्षेत्र अंतर्गत आती जसपाल कॉलोनी में उस समय भारी तनाव और सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट से 32 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ।

लुधियाना (राज): महानगर के थाना मेहरबान क्षेत्र अंतर्गत आती जसपाल कॉलोनी में उस समय भारी तनाव और सनसनी फैल गई, जब एक खाली प्लॉट से 32 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान काकोवाल रोड स्थित इंदर विहार कॉलोनी निवासी हरदीप कुमार के रूप में हुई है। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई है। शव मिलने की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने इलाके में खुलेआम बिक रहे नशे व पुलिस की कथित निष्क्रियता के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन करते हुए धरना लगा दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसपाल कॉलोनी स्थित एक सुनसान खाली प्लॉट में स्थानीय लोगों ने एक युवक को अचेत अवस्था में पड़े देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना मेहरबान की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुआयना कर शव को अपने कब्जे में लिया। जांच के दौरान मृतक की शिनाख्त काकोवाल रोड की इंदर विहार कॉलोनी के 32 वर्षीय हरदीप कुमार के रूप में की गई। पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचित किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। 

शव मिलने के बाद जसपाल कॉलोनी और आसपास के निवासियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष फैल गया। सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने घटनास्थल के पास एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इलाके में नशा तस्करों का जाल पूरी तरह फैला हुआ है। पिछले मात्र 2 महीनों के भीतर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक नौजवान नशे की गर्त में समाकर अपनी जान गंवा चुके हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वे कई बार थाना मेहरबान पुलिस और उच्चाधिकारियों को इलाके में हो रही नशे की खुली बिक्री के बारे में नामजद शिकायतें दे चुके हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसका खामियाजा आए दिन युवाओं को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।

धरने पर बैठे लोगों ने यह भी सनसनीखेज दावा किया कि जिस खाली प्लॉट से हरदीप का शव बरामद हुआ है, उसके बिल्कुल समीप ही इलाके के एक कथित बड़े नशा तस्कर का ठिकाना है। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया। राजनीतिक व सामाजिक प्रतिनिधियों ने मांग उठाई कि मृतक का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के विशेष बोर्ड से करवाया जाए और उसके विसरा व शरीर में नशीले  पदार्थों की मौजूदगी की फॉरेंसिक जांच की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में नशे की ओवरडोज से मौत की पुष्टि होती है, तो संबंधित नशा तस्कर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या या सीधी हत्या की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा सच: एसएचओ जगदीप गिल

मामले के संबंध में थाना मेहरबान के प्रभारी इंस्पेक्टर जगदीप गिल ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर 174 की प्रारंभिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ ने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम व रासायनिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वैज्ञानिक रूप से स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस पर ढिलाई के आरोपों को नकारते हुए उन्होंने दावा किया कि पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशों पर नशा तस्करों के खिलाफ लगातार धरपकड़ और सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इलाके में किसी भी सूरत में नशा तस्करी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि इस मामले में किसी तस्कर की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


 

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!