Edited By Vatika,Updated: 02 Oct, 2026 12:17 PM

महानगर में दिनदहाड़े गुंडागर्दी और हथियारों के दम पर धमकियां देने का एक सनसनीखेज
लुधियाना (राज): महानगर में दिनदहाड़े गुंडागर्दी और हथियारों के दम पर धमकियां देने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपने निजी कार्य के सिलसिले में अपनी कार से पुलिस कमिश्नर कार्यालय जा रहे एक व्यक्ति का रास्ता रोककर बिना नंबरी कार सवार बदमाशों ने पिस्तौल तान दी। आरोपियों ने पीड़ित को गाली-गलौज करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने और 'सारे काम छोड़ देने' की खुली चेतावनी दी। पीड़ित के बयानों के आधार पर स्थानीय पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में शिकायतकर्ता सुखविंदर सिंह ने बताया कि 11 जून को वह अपने घर से निजी काम के सिलसिले में अपनी शेवरले सेल कार (नंबर PB10FG-3973, रंग सफेद) पर सवार होकर कमिश्नर दफ्तर लुधियाना जा रहा था। जैसे ही वह दुगरी स्थित सीआरपीएफ (CRPF) फेज-1 के नजदीक दरगाह के पास पहुंचा, तभी पीछे से एक सफेद रंग की रेनॉल्ट डस्टर गाड़ी तेजी से आई और उसकी कार के बिल्कुल आगे आकर रुक गई। उक्त डस्टर गाड़ी पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी और उसमें तीन अज्ञात युवक सवार थे। गाड़ी रुकते ही उसमें से अज्ञात युवक उतरे और उसके साथ बेवजह बदसलूकी व गाली-गलौज करने लगे।जब मुद्दई ने इस अभद्र व्यवहार और रास्ता रोकने का कारण पूछा, तो आरोपियों ने धमकाते हुए कहा, "तू यह सब अपने काम छोड़ दे।" इसी दौरान एक युवक ने अपनी कमर से अचानक एक पिस्तौल निकाली और सीधे मुद्दई की तरफ तान दी।
आरोपी ने पिस्तौल का खौफ दिखाते हुए धमकी भरे लहजे में कहा, "यह सिर्फ एक चेतावनी है, समझ जाना।" इसके बाद तीनों आरोपी अपनी बिना नंबरी डस्टर गाड़ी में सवार होकर मौके से तेजी से फरार हो गए। दिनदहाड़े कमिश्नर कार्यालय जैसे सुरक्षित रूट पर हथियार तानकर धमकी दिए जाने की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित ने तुरंत पुलिस प्रशासन को इस घटना की सूचना दी। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुद्दई के बयानों को दर्ज कर लिया गया है। सीआरपीएफ फेज-1, दुगरी और दरगाह के आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे तमाम सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की रिकॉर्डिंग को खंगाला जा रहा है, ताकि सफेद रंग की बिना नंबरी डस्टर गाड़ी के आने-जाने के रूट का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रंजिश और अन्य सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।