Edited By Subhash Kapoor,Updated: 30 Sep, 2026 06:45 PM

ग्लाडा मैदान में आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के अंतिम दिन उनके कुछ दिनों पहले दिए गए बयान को लेकर विवाद सामने आया है। कथित टिप्पणी को लेकर ईसाई समुदाय की ओर से आपत्ति जताते हुए पुलिस कमिश्नर को मांग पत्र...
लुधियाना (गणेश सचिन) : ग्लाडा मैदान में आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के अंतिम दिन उनके कुछ दिनों पहले दिए गए बयान को लेकर विवाद सामने आया है। कथित टिप्पणी को लेकर ईसाई समुदाय की ओर से आपत्ति जताते हुए पुलिस कमिश्नर को मांग पत्र सौंपा गया है।
बताया जा रहा है कि कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धर्मांतरण के मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए सनातन धर्म में जन्म लेने वालों को दूसरे धर्मों के पास जाने की जरूरत नहीं होने की बात कही थी। इसी दौरान उन्होंने ‘भैया को सैंया बना लेते हैं’ जैसे शब्दों का भी इस्तेमाल किया था।
इन टिप्पणियों को लेकर पंजाब क्रिश्चियन यूनाइटेड फेडरेशन के अध्यक्ष अल्बर्ट दुआ ने आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक मंच से इस तरह की टिप्पणी से विभिन्न समुदायों के बीच गलत संदेश जा सकता है। उन्होंने पुलिस कमिश्नर से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
अल्बर्ट दुआ के अनुसार, धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री धार्मिक कार्यक्रम के लिए लुधियाना पहुंचे थे और ऐसे मंच से सभी धर्मों के प्रति सम्मान तथा भाईचारे का संदेश जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि टिप्पणी से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इसे लेकर पुलिस प्रशासन को शिकायत दी गई है।
वहीं, शाही इमाम मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने भी धीरेंद्र शास्त्री की कथित टिप्पणियों पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि धार्मिक नेताओं की जिम्मेदारी समाज में आपसी प्रेम, शांति और भाईचारे को बढ़ावा देना है।
शाही इमाम ने कथित बयान के कुछ हिस्सों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि किसी भी धर्म के बारे में आपत्तिजनक या अपमानजनक टिप्पणी को स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने इस मुद्दे पर मुस्लिम समुदाय के नेताओं के साथ बैठक बुलाने की बात भी कही है।
फिलहाल मामला पुलिस प्रशासन के पास पहुंच चुका है और शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
