Edited By Vatika,Updated: 22 Sep, 2026 10:29 AM

दोस्ती और भरोसे को कलंकित करते हुए एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म करने का बेहद
लुधियाना (राज): दोस्ती और भरोसे को कलंकित करते हुए एक विवाहिता के साथ दुष्कर्म करने का बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। आरोपी ने अपनी पत्नी की गंभीर बीमारी का झूठा बहाना बनाकर अपनी पुरानी स्कूल फ्रेंड को घर बुलाया और वहां सूना मकान पाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के अच्छे दोस्त थे
इतना ही नहीं, दरिंदगी के बाद आरोपी ने पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से खत्म करवा देगा। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी संदीप कुमार के खिलाफ दुष्कर्म और आपराधिक धमकी देने की धाराओं के तहत कानूनी शिकंजा कस दिया है। पुलिस को दिए आधिकारिक बयानों में पीड़िता ने बताया कि आरोपी संदीप कुमार के साथ उसकी पहचान स्कूल के दिनों से थी। दोनों लंबे समय से एक-दूसरे के अच्छे दोस्त थे। शादी हो जाने के बाद भी संदीप कुमार उसके साथ सामान्य बातचीत करता रहता था और दोनों परिवारों के बीच पारिवारिक परिचय बना हुआ था। इसी पुराने विश्वास के चलते पीड़िता को कभी उसके गलत इरादों पर कोई शक नहीं हुआ।
घर के भीतर ही बनाया हवस का शिकार
पीड़िता के अनुसार, 16 जनवरी 2024 को संदीप कुमार ने उसे फोन किया। आरोपी ने फोन पर बेहद परेशान होने का नाटक करते हुए कहा कि उसकी पत्नी की तबीयत काफी खराब है और वह गंभीर रूप से बीमार है। आरोपी की बातों में आकर और मानवीय संवेदना के नाते पीड़िता संदीप की पत्नी का हाल-चाल लेने के लिए उसके घर पहुंच गई। जब वह घर के अंदर दाखिल हुई, तो देखा कि वहां संदीप की पत्नी मौजूद नहीं थी, बल्कि वह अपने मायके गई हुई थी और घर में संदीप पूरी तरह अकेला था। घर में किसी अन्य सदस्य को न पाकर पीड़िता असहज हो गई और तुरंत वहां से लौटने लगी। तभी आरोपी संदीप कुमार ने उसकी मर्जी के खिलाफ जबरदस्ती की और घर के भीतर ही उसे हवस का शिकार बनाया। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता को खौफजदा करते हुए सख्त लहजे में धमकी दी कि अगर उसने इस करतूत का किसी के भी सामने जिक्र किया, तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मरवा देगा।