Edited By Kalash,Updated: 13 Sep, 2026 04:54 PM

महानगर के आत्म पार्क इलाके में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब आत्म पार्क पुलिस चौकी के बिल्कुल निकट पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई।
लुधियाना (राज): महानगर के आत्म पार्क इलाके में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब आत्म पार्क पुलिस चौकी के बिल्कुल निकट पुलिस और बेखौफ बदमाशों के बीच सीधी मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम से खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी में बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया। शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा खुद भारी पुलिस फोर्स और आला अधिकारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस की एक विशेष टीम को इन शातिर अपराधियों के मूवमेंट की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम लगातार उनका पीछा कर रही थी। जैसे ही संदिग्ध बदमाश भागते हुए आत्म पार्क चौकी के पास पहुंचे, मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर आत्मसमर्पण करने और रुकने का इशारा किया। लेकिन खुद को फंसता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस कर्मियों ने मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलने की सूचना है।
पुलिस की सटीक जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल होकर जमीन पर गिर पड़े, जिसके बाद पुलिस ने बिना मौका गंवाए उन्हें तुरंत अपनी हिरासत में ले लिया। घायल बदमाशों को आनन-फानन में कड़ी सुरक्षा के बीच उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दिनदहाड़े हुए इस एनकाउंटर की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा, डीसीपी और एडीसीपी स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीमों को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य और खोखे जुटाए जा रहे हैं।
हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये बदमाश किस बड़े गैंग से जुड़े थे, उनके खिलाफ पहले कौन से संगीन मामले दर्ज हैं और वे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। घटनास्थल पर मौजूद पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कुछ ही देर में विस्तृत प्रेस वार्ता कर पूरे मामले, मुठभेड़ के घटनाक्रम और पकड़े गए आरोपियों की पहचान का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here