Edited By Subhash Kapoor,Updated: 28 Sep, 2026 09:21 PM

गणेश विसर्जन के दौरान सरहिंद नहर के तेज बहाव में बहे भाई-बहन के मामले में सोमवार को छठे दिन एक दर्दनाक खबर सामने आई। छह वर्षीय अंजना का शव लंबी रजवाहे के पास से बरामद कर लिया गया है, जबकि बहन को बचाने के लिए नहर में कूदा 11 वर्षीय उसका भाई रिशू उर्फ...
बठिंडा, विजय वर्मा। गणेश विसर्जन के दौरान सरहिंद नहर के तेज बहाव में बहे भाई-बहन के मामले में सोमवार को छठे दिन एक दर्दनाक खबर सामने आई। छह वर्षीय अंजना का शव लंबी रजवाहे के पास से बरामद कर लिया गया है, जबकि बहन को बचाने के लिए नहर में कूदा 11 वर्षीय उसका भाई रिशू उर्फ प्रिंस अभी भी लापता है। एनडीआरएफ और नौजवान वेलफेयर सोसायटी की टीमें रिशू की तलाश में लगातार नहर और उससे जुड़े जलमार्गों में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
अंजना का शव मिलने की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मां रजनी सहित परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। छह दिन से दोनों बच्चों के सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिवार को एक बच्चे का शव मिलने से गहरा सदमा लगा है, जबकि अब सभी की निगाहें रिशू की तलाश पर टिकी हुई हैं।
बता दें कि यह दर्दनाक हादसा 22 सितंबर की शाम बठिंडा के बहमन पुल के पास गणेश विसर्जन के दौरान हुआ था। परिवार की बड़ी बेटी रचना के अनुसार, विसर्जन के दौरान छह वर्षीय अंजना का अचानक पैर फिसल गया और वह नहर के तेज बहाव में जा गिरी। बहन को पानी में डूबता देख 11 वर्षीय रिशू उर्फ प्रिंस ने अपनी जान की परवाह किए बिना उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। लेकिन नहर का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते दोनों बच्चे पानी की धार में बह गए।
हादसे के बाद पुलिस, एनडीआरएफ और नौजवान वेलफेयर सोसायटी की टीमों ने बच्चों की तलाश शुरू की। नहर के विभिन्न हिस्सों और संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में कई दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सोमवार को छह वर्षीय अंजना का शव लंबी रजवाहे के पास से बरामद हुआ। बच्ची का शव मिलने के बाद परिवार की उस उम्मीद को बड़ा झटका लगा, जिसके सहारे परिजन पिछले छह दिनों से बच्चों के सुरक्षित लौटने की प्रतीक्षा कर रहे थे।