Edited By Sunita sarangal,Updated: 24 Sep, 2026 05:31 PM

गौरतलब है कि मंगलवार की देर शाम को गणपति विसर्जन के दौरान एक 7 वर्षीय बच्ची तथा उसका 11 वर्षीय भाई नहर में बह गए थे।
बठिंडा(परमिंद्र): मंगलवार देर शाम को गणपति विसर्जन के दौरान नहर में बहे भाई-बहन का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका। एन.डी.आर.एफ. की टीमें लगातार तलाश कर रही हैं लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिल सकी। इसके साथ ही कुछ समाजसेवी संस्थाओं की ओर से भी बच्चों की तलाश की जा रही है जबकि पुलिस भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
गौरतलब है कि मंगलवार की देर शाम को गणपति विसर्जन के दौरान एक 7 वर्षीय बच्ची तथा उसका 11 वर्षीय भाई नहर में बह गए थे। तभी से उनकी तलाश शुरू कर दी गई थी लेकिन बच्चों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग सका।
इस दौरान लोगों ने जिला प्रशासन के खिलाफ भी रोष व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि गणपति विसर्जन के पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से नहर पर सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं किए गए। प्रशासन की ओर से न तो कोई गोताखोर आदि नहर पर तैनात किए गए हैं व न ही सुरक्षा के लिए पुलिस बलों की तैनाती आदि ही की गई है।
नहर में पानी का बहाव तेज होने के कारण हर साल इस प्रकार की घटनाएं होती हैं लेकिन जिला प्रशासन की ओर से इन घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया जाता। लोगों ने मांग की है कि त्यौहार को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इस संबंध में थाना थर्मल के प्रभारी ने बताया कि एन.डी.आर.एफ. की टीमें दूर तक बच्चों की तलाश कर रही हैं। उम्मीद है जल्द ही सफलता मिल जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here