Edited By Urmila,Updated: 23 Sep, 2026 05:58 PM

केंद्रीय जेल बठिंडा में बुधवार सुबह एक हवालाती ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
बठिंडा (विजय): केंद्रीय जेल बठिंडा में बुधवार सुबह एक हवालाती ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जस्सू सिंह (30) पुत्र अमरीक सिंह, निवासी रामणवास, जिला बठिंडा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, जस्सू सिंह को थाना बालियांवाली, जिला बठिंडा में एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल बठिंडा भेजा गया था।
बताया गया है कि बुधवार सुबह जस्सू सिंह ने अपनी बैरक में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगा लिया। जेल स्टाफ को इसकी जानकारी मिलने के बाद उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद जेल प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी।
मृतक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा की मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की कार्रवाई की जाएगी। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और जेल विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और जेल प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here