Edited By Vatika,Updated: 23 Sep, 2026 02:20 PM

गमाडा में बीते दिन ईडी अधिकारियों की ओर से की गई छापेमारी आज दूसरे दिन भी जारी रही
मोहाली: गमाडा में बीते दिन ईडी अधिकारियों की ओर से की गई छापेमारी आज दूसरे दिन भी जारी रही। ईडी की जांच के दौरान गमाडा में बड़े स्तर पर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ईडी की टीमों ने गमाडा कार्यालय से बड़ी संख्या में फाइलें कब्जे में ली हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच अब गमाडा के पूर्व अधिकारियों के घरों तक भी पहुंच गई है।
गमाडा में मुख्य प्रशासक के पद पर रह चुके अधिकारी ईडी के रडार पर हैं। कंप्यूटर सिस्टम की जांच के बाद उन्हें भी कब्जे में लिए जाने की बात सामने आ रही है। पेन ड्राइव की भी जांच की जा रही है। ईडी की टीम ने एक आईएएस अधिकारी राजीव गुप्ता के चंडीगढ़ स्थित घर पर भी छापेमारी की है।
बता दें कि राजीव गुप्ता गमाडा के मुख्य प्रशासक रह चुके हैं। इसके अलावा गमाडा के मुख्य प्रशासक रह चुके अन्य अधिकारी भी ईडी के निशाने पर बताए जा रहे हैं। इनमें से कई अधिकारी अभी भी पंजाब में अहम पदों पर तैनात हैं। वहीं बता दें कि मंगलवार सुबह से शुरू हुई जांच अभी तक जारी है। इस दौरान गमाडा के चीफ इंजीनियर के कार्यालय को सील कर दिया गया है और रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है।