Edited By VANSH Sharma,Updated: 20 Sep, 2026 06:47 PM

स्थानीय बस स्टैंड के पीछे रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में पड़े मिले।
बठिंडा (विजय वर्मा): स्थानीय बस स्टैंड के पीछे रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में पड़े मिले। दोनों के जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और दोनों को तुरंत सिविल अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया। वहां ड्यूटी डॉक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे एम्स बठिंडा रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, करीब साढ़े 12 बजे बस स्टैंड की पिछली तरफ लोगों ने एक युवक और युवती को सड़क किनारे बेहोशी की हालत में देखा। दोनों के पास जहरीला पदार्थ पड़ा होने की बात सामने आने पर सहारा जन सेवा संस्था को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सहारा टीम एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर आई। अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी डॉक्टर ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
मृतक युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, जबकि युवक की पहचान गांव कोटफत्ता निवासी 20 वर्षीय कृष्ण सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही बस स्टैंड पुलिस चौकी और थाना कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी। पुलिस युवक के परिजनों को घटना की सूचना देने के साथ-साथ युवती की पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस को युवती के पास से मोबाइल फोन भी मिला है, लेकिन उसमें पैटर्न लॉक लगा हुआ है। पुलिस मोबाइल का लॉक खोलकर उसकी पहचान और उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन उन्होंने जहरीला पदार्थ क्यों निगला, इसके वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
उधर, युवक कृष्ण सिंह के माता-पिता भी अस्पताल पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अभी तक पुलिस को कोई बयान दर्ज नहीं करवाया है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं है। परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए एम्स बठिंडा लेकर गए हैं।
थाना कोतवाली इंचार्ज यादविंदर सिंह ने बताया कि युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसमें पैटर्न लॉक लगा हुआ है। पुलिस मोबाइल के माध्यम से युवती की पहचान करने और उसके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही जहरीला पदार्थ निगलने के पीछे के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे।