श्मशान में भी नहीं छोड़ा मुर्दे को! मृतक के कृत्रिम घुटने निकाल ले गया चोर, परिजनों ने पीछा कर दबोचा

Edited By Vatika,Updated: 07 Sep, 2026 12:41 PM

bathinda crime news

अपराध की दुनिया में चोरी की घटनाओं के कई हैरान करने वाले मामले सामने आते हैं, लेकिन बठिंडा

बठिंडा (विजय वर्म): अपराध की दुनिया में चोरी की घटनाओं के कई हैरान करने वाले मामले सामने आते हैं, लेकिन बठिंडा के गांव भाई बख्तौर में सामने आई घटना ने इंसानियत को भी झकझोर कर रख दिया। यहां एक व्यक्ति पर श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किए जा चुके मृतक के शरीर से कृत्रिम घुटनों के जोड़ निकालकर चोरी करने का आरोप लगा है। घटना का पता उस समय चला, जब मृतक के परिजन अगले दिन अस्थियां चुनने के लिए श्मशान घाट पहुंचे।

जानकारी के अनुसार गांव भाई बख्तौर निवासी उजागर सिंह (65) का दो दिन पहले निधन हो गया था। बताया जा रहा है कि उनके दोनों घुटनों में कृत्रिम जोड़ लगे हुए थे। परिवार ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया। इसके बाद अगले दिन परिजन अस्थियां चुनने के लिए श्मशान घाट पहुंचे। श्मशान घाट पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि मृतक के शरीर में लगाए गए दोनों कृत्रिम घुटनों के जोड़ गायब थे। यह देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए। उन्होंने आसपास तलाश शुरू की तो एक संदिग्ध व्यक्ति वहां से चोरी किए गए कृत्रिम घुटनों को लेकर जाता दिखाई दिया।

परिजनों ने तुरंत उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए व्यक्ति के पास से मृतक के दोनों कृत्रिम घुटनें बरामद किए गए। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। घटना सामने आने के बाद पूरे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि चोरी की वारदातों में गिरावट के बजाय अपराधियों के हौसले इस कदर बढ़ गए हैं कि अब श्मशान घाट में भी मृतक को नहीं बख्शा जा रहा। घटना ने श्मशान घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, आरोपी ने कृत्रिम घुटने किस उद्देश्य से निकाले और इस मामले में उसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल है या नहीं, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Related Story

    img title
    img title

    Be on the top of everything happening around the world.

    Try Premium Service.

    Subscribe Now!