Edited By Subhash Kapoor,Updated: 28 Sep, 2026 11:14 PM

LPU में हुए हंगामे और पुलिस की गाड़ियों में आगजनी को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बिट्टू ने पूरे घटनाक्रम को एक सोची-समझी राजनीतिक ‘गेम’ बताते हुए सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।
फगवाड़ा: LPU में हुए हंगामे और पुलिस की गाड़ियों में आगजनी को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बिट्टू ने पूरे घटनाक्रम को एक सोची-समझी राजनीतिक ‘गेम’ बताते हुए सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।
बिट्टू ने कहा कि 30 सितंबर को बीजेपी की रैली होनी है और LPU के आसपास टेंट लगाने समेत कई तैयारियां चल रही हैं। उन्होंने बीजेपी नेता मित्तल का नाम लेते हुए दावा किया कि वह इस रैली में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने उस महिला कमांडेंट का भी जिक्र किया, जिसने कथित तौर पर वॉकी-टॉकी के जरिए दिल्ली, मोहाली और कोठियों से बातचीत होने की बात सामने रखी थी। बिट्टू के मुताबिक, हंगामे के दौरान आगे क्या कार्रवाई करनी है, इसे लेकर बातचीत हो रही थी।
रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि बच्चों को उकसाकर इस पूरे घटनाक्रम में इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने कानून तोड़ा है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन जांच के बाद कई चीजें वैसी नहीं निकलीं, जैसी शुरुआत में दिखाई जा रही थीं। पुलिस की गाड़ियों में आग लगाए जाने को लेकर भी बिट्टू ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आखिर आग किसने लगाई, कैसे लगाई और क्यों लगाई—इन सभी सवालों के जवाब सामने आने चाहिए।
बिट्टू ने दावा किया कि आने वाले दिनों में मीडिया के सामने इस घटनाक्रम से जुड़ी एक-एक बात सामने आएगी। उन्होंने पूरे मामले को पंजाब की मौजूदा सरकार की कथित रणनीति से जोड़ते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।