Edited By Urmila,Updated: 27 Sep, 2026 01:37 PM

पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को एक बार फिर सीमा पार पाकिस्तान से जान से मारने की सनसनीखेज धमकी मिली है।
लुधियाना (राज): पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को एक बार फिर सीमा पार पाकिस्तान से जान से मारने की सनसनीखेज धमकी मिली है। आरोपी ने विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर बाकायदा वॉयस मैसेज भेजकर बिट्टू को सीधी चेतावनी दी है। मैसेज भेजने वाले ने अपना नाम मलिक एलेक्स बताया है और बेहद आक्रामक लहजे में बयानबाजी बंद करने व जान से मारने की धमकी दी है। धमकी भरे इस संदेश में यह भी कहा गया है कि अगले 5, 10 या 15 दिनों में हमला किया जाएगा, जिसमें उनके साथ रहने वाले अन्य लोग भी मारे जाएंगे। सरहद पार से आई इस खुली धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियों, पंजाब पुलिस और खुफिया तंत्र भी अलर्ट हो गया है।
जानकारी के अनुसार, जिस पाकिस्तानी नंबर से व्हाट्सएप वॉयस मैसेज भेजा गया है, वह +92 328 415 7075 है। ऑडियो मैसेज की शुरुआत में धमकी देने वाले ने कहा, सलाम वालेकुम, सत श्री अकाल। रवनीत बिट्टू तेरे लिए मैसेज है। कान खोलकर सुन ले। तुम आजकल बहुत बकवास कर रहे हो। औकात से बाहर जा रहे हो। अपनी औकात में रहो, अपनी औकात नहीं भूला करते। इसके बाद आरोपी ने खुद की पहचान 'मलिक एलेक्स' के रूप में बताते हुए कहा कि बिट्टू के लिए विस्फोटक का किलो का डिब्बा तैयार करके रखा गया है।
आरोपी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि वे 10 या 15 दिन के भीतर कभी भी हमला कर सकते हैं और उस दौरान बिट्टू के साथ मौजूद रहने वाले अंगरक्षक और साथी भी नहीं बचेंगे। मैसेज के अंत में आरोपी ने बिट्टू को अपनी तैयारी रखने की चुनौती देते हुए अंजाम भुगतने की धमकी दी। प्राथमिक तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि कॉल वास्तव में पाकिस्तान की धरती से जनरेट हुई है या फिर वर्चुअल नंबर और वीपीएन के जरिए सुरक्षा तंत्र को गुमराह करने की कोशिश की गई है।
इस गंभीर धमकी के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय और पंजाब पुलिस की सुरक्षा शाखा पूरी तरह सतर्क हो गई है। गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बेअंत सिंह के पोते हैं और पहले से ही आतंकी संगठनों व कट्टरपंथी तत्वों के निशाने पर रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और खुफिया तंत्र उनकी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को नाकाम किया जा सके।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here