पंजाब केसरी की खबर का असर, नशेड़ियों के अड्डे पर निगम की कार्रवाई

Edited By Vatika,Updated: 30 Sep, 2026 09:13 AM

drugs in ludhiana

नशेडिय़ों व सप्लायरों को खुली चेतावनी इलाके में दिखे तो सीधे जाएंगे जेल

लुधियाना,  (राज): गऊशाला रोड स्थित चोपड़ा स्कूटर वाली गली में खाली लावारिस प्लॉट में नशेडिय़ों द्वारा सरेआम गुप्तांगों में इंजेक्शन लगाने और जॉम्बी बनकर घूमने की दिल दहला देने वाली तस्वीरों को पंजाब केसरी द्वारा प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद व्यवस्था में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, बैक-टू-बैक दो दिन वीडियो वायरल होने और अखबार में सच सामने आने के बाद भी संबंधित थाना की पुलिस की कुंभकर्णी नींद नहीं टूटी है, लेकिन इलाके के मौजूदा कांग्रेसी पार्षद अरुण शर्मा ने इस गंभीर मामले पर त्वरित संज्ञान लिया है। पार्षद अरुण शर्मा ने नगर निगम की टीम के साथ सीधे मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और प्लॉट मालिक के खिलाफ कार्रवाई करवाते हुए नोटिस थमा दिया है।

पार्षद ने मौके पर पहुंच निवासियों से की बात, निगम ने थमाया चालान :
पंजाब केसरी में प्रकाशित खबर का असर यह हुआ कि कांग्रेसी पार्षद अरुण शर्मा तुरंत अपनी टीम के साथ गऊशाला रोड की उस विवादित गली में पहुंचे। उन्होंने वहां जमा मोहल्ला निवासियों और दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं को समझा। जांच के दौरान सामने आया कि यह खाली प्लॉट न केवल नशेडिय़ों की शरणस्थली बना हुआ था, बल्कि वहां चारों तरफ भारी मात्रा में कूड़ा-करकट और गंदगी के ढेर लगे हुए थे। पार्षद की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने प्लॉट के हालात देखकर तुरंत गंदगी फैलाने और अनदेखी करने को लेकर चालान काटा।

प्लॉट के बाहर चस्पा किया गया नोटिस, मालिक को फोन पर सख्त चेतावनी :
नगर निगम की टीम ने प्लॉट के बाहर एक आधिकारिक नोटिस चस्पा कर दिया है। पार्षद अरुण शर्मा ने मौके से ही प्लॉट मालिक से सीधा संपर्क साधा और मालिक को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वह बिना किसी देरी के इस खुले प्लॉट की ऊंची चारदीवारी और गेट की व्यवस्था करवाए, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व या नशेड़ी इस जगह का इस्तेमाल नशे के लिए न कर सके। पार्षद ने चेतावनी दी कि यदि मालिक ने फौरन चारदीवारी करवाकर प्लॉट को दुरुस्त नहीं किया, तो नगर निगम के नियमों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से भी अपील की कि वे इस खाली जगह में कचरा फेंकना बंद करें।

पुलिस की कार्यशैली पर बरसे पार्षद, नशेडिय़ों को दी खुली चेतावनी :
पार्षद अरुण शर्मा ने मीडिया से मुखातिब होते हुए पुलिस की ढुलमुल कार्यप्रणाली पर गहरा रोष जताया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग और आला अधिकारियों को बार-बार सूचित और आगाह करने के बावजूद पुलिस की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने नशे के सौदागरों और सार्वजनिक स्थलों पर नशा करने वालों को दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि गऊशाला रोड और आसपास के किसी भी वार्ड में नशे का नंगा नाच बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय स्तर पर निगरानी रखी जाएगी और यदि कोई भी युवक इस प्लॉट या इलाके में नशा करता या बेचता दिखाई दिया, तो उसे पकडक़र सीधे सलाखों के पीछे भिजवाया जाएगा।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!