फगवाड़ा की नामी यूनिवर्सिटी में देर रात हंगामा, कैंपस में आगजनी के बाद हाईवे पर उतरे छात्र

Edited By Urmila,Updated: 27 Sep, 2026 09:09 AM

late night commotion at lpu

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में बीती रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मैसेज को लेकर छात्रों का गुस्सा भड़क गया।

फगवाड़ा (सोनू) : लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में बीती रात सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मैसेज को लेकर छात्रों का गुस्सा भड़क गया। कथित तौर पर एक छात्रा के साथ रेप किए जाने की सूचना वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र देर रात करीब 2 बजे प्रदर्शन पर उतर आए। देखते ही देखते प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और यूनिवर्सिटी परिसर में जमकर तोड़फोड़ की गई। इस दौरान कैंपस के एक हिस्से में आग लगाए जाने की भी सूचना है।

Lovely Professional University

हंगामे के बाद प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी के गेट तक पहुंच गए और वहां भी तोड़फोड़ की। इसके बाद छात्रों ने चंडीगढ़-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना लगाकर यातायात रोक दिया। देर रात हाईवे पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही।

Lovely Professional University

मामले की सूचना मिलने के बाद कपूरथला के एसपी गौरव तूर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन की शुरुआत गर्ल्स हॉस्टल के नजदीक से हुई थी।

Lovely Professional University

पुलिस का कहना है कि पूरा विवाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक मैसेज से शुरू हुआ, जिसमें किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा छात्रा के साथ कथित रेप किए जाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, पुलिस के अनुसार फिलहाल ऐसी घटना की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वायरल मैसेज और पूरे मामले की जांच कर रही है।

lpu

LPU ने वायरल अफवाहों पर दिया बड़ा स्पष्टीकरण

LPU की ओर से वायरल अफवाहों पर स्पष्टीकरण जारी करते हुए कहा गया है कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर यूनिवर्सिटी को लेकर फैलाई जा रही कई बातें पूरी तरह झूठी और भ्रामक हैं। यूनिवर्सिटी के मुताबिक, कुछ असामाजिक तत्व बिना किसी तथ्य के मनगढ़ंत जानकारी प्रसारित कर रहे हैं, जिससे छात्रों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है।

यूनिवर्सिटी ने कहा कि इस तरह की जानकारी के जरिए उसके शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल और प्रतिष्ठा को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है। LPU ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर मौजूदा समय में चल रही अफवाहों में कोई सच्चाई नहीं है।

यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने छात्रों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की है कि वे बिना पुष्टि की किसी भी जानकारी पर भरोसा न करें और ऐसी पोस्ट या मैसेज को आगे शेयर करने से बचें। किसी भी जानकारी के लिए केवल यूनिवर्सिटी के आधिकारिक माध्यमों को ही विश्वसनीय स्रोत मानने की अपील की गई है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!