Edited By Vatika,Updated: 30 Sep, 2026 08:52 AM

गिल रोड स्थित दानामंडी इलाके में शराब के नशे में दो पक्षों के बीच हुई तीखी बहस खूनी झड़प में बदल गई।
लुधियाना, (राज): गिल रोड स्थित दानामंडी इलाके में शराब के नशे में दो पक्षों के बीच हुई तीखी बहस खूनी झड़प में बदल गई। मामूली कहासुनी के बाद एक आपराधिक छवि वाले युवक ने अवैध पिस्तौल निकालकर सामने खड़े युवक पर तान दी और जान से मारने की धमकियां देते हुए पिस्तौल के लोहे के बट से उसके सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में लहूलुहान हुए युवक को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। थाना शिमलापुरी की पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य हमलावर सैंडी और उसके साथी मनी के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की संगीन धाराओं के तहत आपराधिक केस दर्ज कर लिया है।
सिविल अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद पीड़ित राजन कुमार ने थाना शिमलापुरी पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 28 सितंबर को वह गिल रोड स्थित दानामंडी में अपने दोस्तों नीरज, जग्गा और बिल्ला के साथ मौजूद था। वे सभी वहां बैठकर शराब पी रहे थे। उसी दौरान वहां सैंडी और उसका साथी मनी आ धमके। वहां पहुंचते ही दोनों आरोपी राजन और उसके साथियों के साथ किसी बात को लेकर बेवजह उलझ गए और गाली-गलौज करते हुए तीखी बहसबाजी करने लगे। जब उसने गाली-गलौज का विरोध किया तो विवाद और अधिक बढ़ गया।तैश में आकर आरोपी सैंडी ने अपनी कमर से अचानक एक पिस्तौल निकाल ली और सीधे राजन की छाती की ओर तान दी।
उसने राजन को सरेआम गोली मारकर जान से खत्म करने की खुली धमकी दी। इससे पहले कि कोई बीच-बचाव कर पाता, सैंडी ने पिस्तौल के भारी बट से राजन के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। सिर पर लोहे का बट लगते ही खून फूट पड़ा और राजन लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। राजन ने पुलिस को बताया कि मुख्य आरोपी सैंडी एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था और बाहर आते ही उसने फिर से अवैध हथियार के दम पर दहशत फैलाने की वारदात को अंजाम दे डाला।