Edited By Vatika,Updated: 07 Oct, 2026 08:30 AM

30 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है, जो इलाके में लापियानो पिज़्ज़ा नामक फूड आउटलेट संचालित करता
लुधियाना (राज): सलेम टाबरी इलाके में मंगलवार को उस समय भारी हंगामा और सनसनी फैल गई, जब एक युवक के परिजनों ने श्मशान घाट पर चिता सजने के ऐन वक्त पर अंतिम संस्कार रुकवा दिया और शव को अपने कब्जे में लेकर वापस लौट आए।
मृतक की पहचान 30 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है, जो इलाके में लापियानो पिज़्ज़ा नामक फूड आउटलेट संचालित करता था। मृतक के परिवार ने ससुराल पक्ष पर सन्नी की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या करने का सीधा और गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि ससुरालियों ने हत्या को हार्ट अटैक का रूप देकर आनन-फानन में अंतिम संस्कार करने की साजिश रची थी। मामले की शिकायत मिलते ही एल्डेको पुलिस चौकी की टीम ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय सन्नी ने करीब 2 वर्ष पूर्व अपनी पसंद से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही पारिवारिक परिस्थितियों के चलते सन्नी अपने ससुराल में ही घर जमाईं बनकर रह रहा था और वहीं से अपना लापियानो पिज़्ज़ा आउटलेट चलाता था। मंगलवार को सन्नी के परिजनों को ससुराल पक्ष की तरफ से अचानक फोन पर यह सूचना दी गई कि सन्नी को अचानक तेज दिल का दौरा पड़ा है, जिसके कारण उसकी मौत हो गई है।
ससुराल पक्ष बिना किसी कानूनी सूचना या पुलिस जांच के शव को अंतिम संस्कार के लिए सीधे सलेम टाबरी स्थित श्मशान घाट ले गया। सूचना पाकर जब सन्नी के माता-पिता और भाई-बहन बदहवास हालत में सीधे सलेम टाबरी श्मशान घाट पहुंचे और उन्होंने अंतिम दर्शन के लिए कफन हटाया, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिजनों ने देखा कि सन्नी के गले पर गहरे खरोंच और गला दबाए जाने जैसे संदिग्ध निशान उभरे हुए थे। इसे देखते ही परिजनों का शक यकीन में बदल गया कि सन्नी की मौत कुदरती या दिल का दौरा पडऩे से नहीं हुई है, बल्कि उसकी सुनियोजित तरीके से गला घोंटकर हत्या की गई है और साक्ष्य मिटाने के लिए जल्दबाजी में शव को जलाने की तैयारी की जा रही थी। हत्या की आशंका को देखते हुए सन्नी के परिजनों ने श्मशान घाट पर जोरदार विरोध शुरू कर दिया।
परिजनों ने वहां चल रही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को बीच में ही रुकवा दिया और ससुराल पक्ष की साजिश को नाकाम करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया। परिजन शव को श्मशान घाट से वापस लेकर सीधे पुलिस के पास पहुंचे। पीडि़त परिवार ने तुरंत एल्डेको पुलिस चौकी पहुंचकर ससुरालियों के खिलाफ कत्ल की लिखित शिकायत दर्ज करवाई और इंसाफ की गुहार लगाई। मामले की संवेदनशीलता और परिजनों के संगीन आरोपों को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। एल्डेको पुलिस चौकी के अधिकारियों ने शव को तुरंत अपनी कस्टडी में लेकर लुधियाना सिविल अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बुधवार सुबह डॉक्टरों के विशेष मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच से यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि मौत हार्ट अटैक से हुई है या गला दबाने से।