Edited By Vatika,Updated: 28 Sep, 2026 09:26 AM

जनता नगर इलाके में मामूली कहासुनी ने उस वक्त खौफनाक रूप ले लिया, जब एक पड़ोसी ने दूसरे पर तेजधार हथियार और कांच
लुधियाना(राज): जनता नगर इलाके में मामूली कहासुनी ने उस वक्त खौफनाक रूप ले लिया, जब एक पड़ोसी ने दूसरे पर तेजधार हथियार और कांच की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया। हमले के दौरान 25 वर्षीय युवक के हाथ पर इतना गहरा वार हुआ कि उसकी मुख्य नस कट गई और अत्यधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी सनसनी और तनाव फैल गया है। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर फरार हत्यारे पड़ोसी की तलाश शुरू कर दी है।
काम से घर लौटा था मनप्रीत, दरवाजे पर ही भिड़ गया पड़ोसी
मृतक मनप्रीत सिंह की पत्नी अर्शदीप कौर ने रोते-बिलखते हुए पुलिस को बताया कि उसके पति रोजमर्रा की तरह मेहनत-मजदूरी कर रविवार रात करीब 8:30 बजे अपने काम से घर लौटे थे। जैसे ही वह जनता नगर में ग्रेवाल अस्पताल के पास स्थित अपनी गली में पहुंचे, वहां पहले से घात लगाकर बैठे उनके पड़ोसी ने उन्हें रोक लिया। किसी पुरानी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि पड़ोसी सरेआम गाली-गलौज और हाथापाई पर उतर आया।
कांच की बोतल और तेजधार हथियार से वार, कटी हाथ की नस
पत्नी अर्शदीप के अनुसार, विवाद बढ़ने पर गुस्से में आगबबूला हुए पड़ोसी ने अपनी नीयत दिखाते हुए तेजधार हथियार और कांच की टूटी बोतल से मनप्रीत पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।बचाव के दौरान मनप्रीत के हाथ पर तेजधार हथियार का सीधा और बेहद गहरा वार लगा, जिससे उसके हाथ की मुख्य नस कट गई। नस कटते ही खून का फव्वारा फूट पड़ा और देखते ही देखते पूरी सड़क खून से लाल हो गई। हमले को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया।
सिविल अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में पसरा मातम
चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजनों और आसपास के लोगों ने खून से लथपथ मनप्रीत सिंह को संभाला और गंभीर हालत में तुरंत स्थानीय सिविल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 25 वर्षीय मनप्रीत सिंह को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के इस ऐलान के बाद अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। महज 25 साल की उम्र में पति का साया उठने से पत्नी अर्शदीप बेसुध हो गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हत्या का केस दर्ज, CCTV खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस पार्टी तुरंत सिविल अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर आरोपी पड़ोसी के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। पुलिस घटनास्थल और ग्रेवाल अस्पताल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, ताकि वारदात के सटीक रूट और आरोपी के भागने की दिशा का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं; उसे बहुत जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।