Edited By Vatika,Updated: 28 Sep, 2026 09:27 AM

जिससे परिवार ने किसी तरह अंदर भागकर अपनी जान बचाई और मुख्य गेट बंद कर लिया।
लुधियाना(राज): थाना जमालपुर के अधिकार क्षेत्र में आते जेपी एन्क्लेव इलाके में बिजली विभाग (पावरकॉम) की रेड की रंजिश को लेकर पड़ोसियों के बीच खूनी विवाद छिड़ गया। शक के आधार पर बेखौफ हमलावरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर ईंट-पत्थर बरसाए और तेजधार हथियारों से घर के मुख्य लोहे के गेट पर ताबड़तोड़ वार कर डाले। दिनदहाड़े हुई इस गुंडागर्दी और हमले की पूरी वारदात गली में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार में भारी दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही थाना जमालपुर की पुलिस ने मौके का मुआयना कर वीडियो फुटेज को कब्जे में ले लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बिजली चोरी की शिकायत का शक बना हमले की वजह
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता नीतू कपूर ने बताया कि कुछ दिन पहले पावरकॉम (बिजली विभाग) की विजिलेंस टीम ने जेपी एन्क्लेव इलाके में औचक छापेमारी (रेड) की थी। इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने इलाके के कुछ घरों में बिजली चोरी पकड़ी थी और उन पर भारी जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई के बाद से ही आरोपी पक्ष को यह वहम और शक हो गया कि बिजली विभाग को यह गुप्त सूचना व शिकायत नीतू कपूर के पिता ने दी थी। इसी बात को लेकर पड़ोसी उनके परिवार के साथ मन में गहरी रंजिश और खुंदक पालकर बैठ गए थे।
गाली-गलौज के बाद घर पर बरसाए पत्थर, हथियारों से गेट पर किए वार
नीतू कपूर के अनुसार, रविवार की सुबह आरोपी पड़ोसी लामबंद होकर उनके घर के बाहर पहुंचे और बिना किसी वजह के जोर-जोर से गालियां निकालने लगे। जब पीड़ित परिवार के सदस्यों ने बाहर आकर इस गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का कड़ा विरोध किया, तो आरोपी उग्र हो गए। आरोपियों ने पहले तो सड़क से ईंट-पत्थर उठाकर घर की दीवारों और खिड़कियों पर दे मारे, जिससे परिवार ने किसी तरह अंदर भागकर अपनी जान बचाई और मुख्य गेट बंद कर लिया। इसके बाद हमलावरों ने हाथ में पकड़े तेजधार हथियारों (दातर व तलवारों) से घर के मुख्य गेट पर जोरदार वार करने शुरू कर दिए ताकि गेट तोड़कर अंदर दाखिल हो सकें।
CCTV में कैद हुआ हमलावरों का तांडव
गली में लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी गुंडागर्दी साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि किस तरह आरोपी खुलेआम विवाद कर रहे हैं, ईंटें फेंक रहे हैं और हाथों में हथियार लहराते हुए गेट को काटते व तोड़ते नजर आ रहे हैं। इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास के पड़ोसी भी सहम गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस के उच्चाधिकारियों से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए हमलावरों के खिलाफ तुरंत आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
फुटेज कब्जे में लेकर पुलिस ने शुरू की तफ्तीश
घटना की सूचना मिलते ही थाना जमालपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर हथियार लहराने और पथराव करने वाले तमाम आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है। पुलिस का दावा है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही एफआईआर दर्ज कर नामजद आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।