शातिर लुटेरे का सेल्समैन से लूट का नया पैंतरा, CCTV में कैद हुई हैरानीजनक वारदात

Edited By Kamini,Updated: 18 Sep, 2026 06:29 PM

salesman robbed in ludhiana

महानगर में बेखौफ लुटेरों ने राहगीरों और व्यापारियों को अपना शिकार बनाने के लिए अब खाकी का रौब और नशे की तलाशी का नया व शातिर हथकंडा अपनाना शुरू कर दिया है।

लुधियाना (राज): महानगर में बेखौफ लुटेरों ने राहगीरों और व्यापारियों को अपना शिकार बनाने के लिए अब खाकी का रौब और नशे की तलाशी का नया व शातिर हथकंडा अपनाना शुरू कर दिया है। थाना बस्ती जोधेवाल के अधीन आते राहों रोड पर शुक्रवार को एक बाइक सवार शातिर बदमाश ने एक बुजुर्ग सेल्समैन को रास्ते में रोक लिया। आरोपी ने सेल्समैन पर नशा और प्रतिबंधित गुटखा सप्लाई करने का झूठा आरोप लगाते हुए जबरन उसकी तलाशी ली और बहाने से उसकी जेब से करीब 10 हजार रुपये नकदी व पर्स उड़ाकर रफूचक्कर हो गया। दिनदहाड़े हुई इस ठगी-कम-लूट की पूरी वारदात सड़क किनारे लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर बस्ती जोधेवाल पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई आधिकारिक शिकायत में पीड़ित मनीरूल निवासी सलेम टाबरी ने बताया कि वह पिछले करीब 30 वर्षों से लुधियाना शहर में ईमानदारी से सेल्समैन का काम कर रहे हैं। शुक्रवार को वह अपने रोजमर्रा के काम के सिलसिले में अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर राहों रोड इलाके में जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने उन्हें ओवरटेक कर अचानक रुकने का इशारा किया। मनीरूल ने किसी काम की बात समझकर अपनी बाइक किनारे लगा ली।

पीड़ित सेल्समैन के अनुसार, बाइक से उतरते ही आरोपी युवक ने उन पर रौब गालिब करना शुरू कर दिया। उसने कड़े लहजे में पूछा कि क्या वह इलाके में चिट्टा-नशा सप्लाई करते हैं या प्रतिबंधित गुटखा बेचने का काम करते हैं। सेल्समैन द्वारा खुद को निर्दोष बताने और अपना परिचय देने के बावजूद आरोपी ने जबरन उनकी मोटरसाइकिल पर टंगे बैग की जांच शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी ने मनीरूल के कुर्ते व पैंट की जेबों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। तलाशी के इस ड्रामे के दौरान शातिर आरोपी ने पलक झपकते ही मनीरूल की जेब से उनका पर्स और उसमें रखी करीब 10 हजार रुपये की नकदी निकाल ली और तुरंत अपनी बाइक पर बैठकर तेजी से फरार हो गया। जब तक पीड़ित कुछ समझ पाते, आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था। ठगी और लूट का अहसास होते ही पीड़ित मनीरूल ने तुरंत थाना बस्ती जोधेवाल पहुंचकर पुलिस को आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और आसपास की दुकानों व मकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग चेक की। सामने आई फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बाइक सवार युवक सेल्समैन को रास्ते में रोकता है, बातचीत करता है और तलाशी लेने का ढोंग रचते हुए जेब से नकदी उड़ाकर भाग निकलता है। थाना बस्ती जोधेवाल के जांच अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित के बयानों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर और आरोपी के हुलिए की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस का दावा है कि शहर में तलाशी के नाम पर ठगी करने वाले इस गिरोह का जल्द पर्दाफाश कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!