Edited By Kamini,Updated: 08 Sep, 2026 04:41 PM

राहगीरों को निशाना बनाने वाले लुटेरों के हौंसले लगातार बुलंद हैं।
लुधियाना (राज): महानगर में सुबह-सवेरे काम पर निकलने वाले राहगीरों को निशाना बनाने वाले लुटेरों के हौंसले लगातार बुलंद हैं। ताजा मामले में सुबह के समय सब्जी मंडी जा रहे एक युवक को बाइक सवार 3 शातिर लुटेरों ने रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने तेजधार हथियारों के बल पर युवक पर हमला किया और उससे 10 की नकदी व उसका मोबाइल फोन लूट लिया।
हालांकि, पीड़ित द्वारा तुरंत हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और भाग रहे लुटेरों में से एक को रंगे हाथों काबू कर लिया, जबकि उसके दो साथी मौके से भागने में सफल रहे। एकत्रित लोगों ने पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक तड़के सब्जी मंडी में खरीदारी करने के लिए जा रहा था। जैसे ही वह सुनसान रास्ते से गुजरा, एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए 3 हथियारबंद बदमाशों ने अचानक उसके आगे बाइक अड़ा दी। युवक कुछ समझ पाता, इससे पहले ही लुटेरों ने तेजधार हथियार निकाल लिए और उसे जान से मारने की धमकी देते हुए हमला बोल दिया। डर और खौफ के माहौल में बदमाशों ने युवक की जेब की तलाशी ली और उसमें रखे 10 हजार रुपये नकद और उसका कीमती मोबाइल फोन जबरन लूट लिया।
वारदात को अंजाम देकर लुटेरे जैसे ही बाइक स्टार्ट कर भागने लगे, पीड़ित युवक ने बिना घबराए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। सुबह की सैर पर निकले लोगों और आसपास मौजूद स्थानीय दुकानदारों ने आवाज सुनते ही फुर्ती दिखाई और चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। हड़बड़ाहट में बाइक सवार बदमाशों में से एक आरोपी लोगों के हत्थे चढ़ गया, जबकि उसके अन्य 2 साथी नकदी व मोबाइल लेकर गलियों के रास्ते फरार होने में कामयाब हो गए। मौके पर जुटी गुस्साई भीड़ ने पकड़े गए लुटेरे की जमकर धुनाई की और तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस पीसीआर टीम के साथ मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर पीड़ित के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि उसके फरार दोनों साथियों की पहचान की जा सके और लूटी गई नकदी व मोबाइल फोन बरामद किया जा सके। इसके अलावा पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here