लुधियाना में पेट्रोल पंप के बाथरूम में मिला अज्ञात युवक का शव, नशे की ओवरडोज का शक

Edited By Vatika,Updated: 26 Oct, 2026 03:53 PM

ludhiana crime news

ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के बाथरूम में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी

लुधियाना,  (राज) : ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के बाथरूम में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक बाथरूम गया था और दरवाजा अंदर से बंद था। सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर जब कर्मचारियों ने उसे तोड़ा, तो अंदर युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटनास्थल से नशे से संबंधित संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि युवक की जान नशे की ओवरडोज के कारण गई है।

सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और शिनाख्त के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पेट्रोल पंप के मालिक जसवीर सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अज्ञात युवक शुक्रवार देर रात पेट्रोल पंप परिसर में बने बाथरूम का इस्तेमाल करने के लिए अंदर गया था। शनिवार सुबह जब पंप के मुलाजिमों ने बाथरूम का इस्तेमाल करने के लिए कुंडी खोलने की कोशिश की, तो दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने और आवाजें देने के बावजूद जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया या हलचल नहीं हुई, तो कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कर्मचारियों ने मिलकर दरवाजा तोड़ दिया। अंदर कदम रखते ही देखा कि युवक फर्श पर बेसुध पड़ा था और उसकी सांसें थम चुकी थीं।

पंप मालिक के मुताबिक, जिस बाथरूम में युवक मृत पड़ा था, वहां से नशे के सेवन से संबंधित कुछ संदिग्ध सामग्री भी मिली है। जिसे देखकर आशंका व्यक्त की जा रही है कि युवक ने बाथरूम के भीतर नशीले पदार्थ का सेवन किया होगा और ओवरडोज होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की विभिन्न पहलुओं से छानबीन की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस पार्टी तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। युवक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों, थानों के जरिए जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने शव को 72 घंटे के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। जांच अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौत के सही और स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विसरा जांच के बाद ही लग सकेगा।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!