Edited By Kalash,Updated: 25 Oct, 2026 01:56 PM

हैबोवाल अंतर्गत संधू नगर इलाके में शनिवार को उस समय भारी सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन इमारत के शौचालय से पत्थरों और ईंटों के मलबे में दबा हुआ एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
लुधियाना (राज): हैबोवाल अंतर्गत संधू नगर इलाके में शनिवार को उस समय भारी सनसनी फैल गई, जब एक निर्माणाधीन इमारत के शौचालय से पत्थरों और ईंटों के मलबे में दबा हुआ एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट प्रतीत होता है कि शातिर अपराधियों ने किसी रंजिश या विवाद के चलते व्यक्ति की बेरहमी से हत्या की और साक्ष्यों को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से शव को टॉयलेट के भीतर मलबे के ढेर के नीचे दबा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी फॉरेंसिक टीमों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को मलबे से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। थाना हैबोवाल पुलिस ने अज्ञात हत्यारों के खिलाफ हत्या और साजिश की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, संधू नगर की गली नंबर 17 में आईपीएस स्कूल के समीप अदालत में वकालत करने वाले हरमन सिंह के दादा तारा सिंह की पुश्तैनी संपत्ति स्थित है। इस परिसर में इन दिनों फैक्टरी के नए ढांचे का निर्माण कार्य चल रहा है। शनिवार को परिसर के भीतर कुछ संदिग्ध गतिविधि और दुर्गंध का अंदेशा होने पर जब शौचालय की जांच की गई, तो वहां ईंटों और भारी पत्थरों के ढेर के नीचे दबा हुआ शव दिखाई दिया। यह खौफनाक मंजर देखते ही उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय थाने को सूचित किया।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस मुलाजिमों ने मलबे को हटवाकर शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक मुआयने के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत हो रही है। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने किसी भारी या तेजधार हथियार से हमला कर पहले उसकी जान ली और फिर पहचान छिपाने व मामले को दबाने के लिए शव को शौचालय में ईंट-पत्थरों के नीचे दबा दिया। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते पुलिस महानगर के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है। मौके पर पहुंचे थाना हैबोवाल के जांच अधिकारी जसवीर सिंह ने बताया कि संपत्ति मालिक हरमन सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही संधू नगर और आसपास की गलियों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वारदात के समय निर्माणाधीन इमारत में कौन-कौन लोग दाखिल हुए थे। पुलिस का दावा है कि मृतक की शिनाख्त होते ही इस खूनी वारदात की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here