शातिर चोरों का कांड, 30 मिनट में i20 कार के 3 टायर चोरी, CCTV में कैद वारदात

Edited By Vatika,Updated: 13 Oct, 2026 09:10 AM

ludhiana robbery news

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई पूरी वारदात; फुटेज के आधार पर कार नंबर ट्रेस करने में जुटी पुलिस

लुधियाना (राज): महानगर के व्यस्त समराला चौक इलाके में घर के बाहर खड़ी एक हुंडई i20 कार को निशाना बनाते हुए दूसरी i20 कार में सवार होकर आए बदमाशों ने गाड़ी के 3 टायर चोरी कर लिए। हालांकि, जब आरोपी चौथा टायर खोल रहे थे, तभी वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उन पर पड़ गई। राहगीरों के ललकारने और शोर मचाने पर आरोपी जैक और चौथा टायर मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। चोरी की यह पूरी वारदात इलाके में लगे सीसीटीवी  कैमरों में कैद हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समराला चौक क्षेत्र निवासी विक्की मेडिसिन मार्केटिंग का काम करते हैं। उसने रोजमर्रा की तरह अपनी i20 कार घर के बाहर सुरक्षित पार्क की थी। सोमवार देर रात एक दूसरी i20 कार में सवार होकर 3 अज्ञात बदमाश पहुंचे। योजना के तहत तीसरा साथी कार स्टार्ट रखकर ड्राइविंग सीट पर ही बैठा रहा, जबकि दो युवक नीचे उतरे। आरोपियों ने तुरंत विक्की की कार के नीचे जैक लगाया और तेजी से पहिए खोलने शुरू कर दिए। शातिरों ने महज 25 से 30 मिनट के भीतर कार के तीन पहिए उतारकर अपनी गाड़ी में लोड कर लिए। बदमाश जब चौथा टायर खोलने में जुटे थे, उसी दौरान सड़क से गुजर रहे जागरूक राहगीरों ने उनकी संदिग्ध हरकतें देख लीं और तुरंत जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। खुद को रंगे हाथों घिरता देख बदमाश घबरा गए और चौथा टायर व अपना जैक वहीं जमीन पर छोड़कर अपनी कार में सवार होकर ताजपुर रोड की तरफ तेजी से भाग निकले। मौके पर मौजूद राहगीरों ने दिलेरी दिखाते हुए अपनी स्विफ्ट और वैगनआर गाड़ियों से चोरों का पीछा शुरू किया।

राहगीरों ने करीब 2 किलोमीटर तक बदमाशों की गाड़ी का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाते हुए आरोपी संकरी गलियों में तेज रफ्तार कट मारकर आंखों से ओझल होने में सफल रहे। चोरों के भाग जाने के बाद राहगीर वापस घटनास्थल पर लौटे और उन्होंने पास ही तैनात सुरक्षा गार्ड को पूरी घटना से अवगत कराया। सुरक्षा गार्ड ने तुरंत घर की घंटी बजाकर विक्की और उनके परिजनों को नींद से जगाया। जब परिवार ने बाहर आकर देखा तो उनके होश उड़ गए—उनकी कार ईंटों के सहारे टिकी हुई थी और उसके तीन पहिए गायब थे। वारदात के बाद जब परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें आरोपी कार के नीचे जैक लगाकर टायर खोलते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित परिवार ने तुरंत घटना की लिखित शिकायत थाना डिविजन नंबर 7 की पुलिस स्टेशन को दे दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई आरोपियों की i20 कार के नंबर प्लेट और उनके भागने वाले रास्तों की निगरानी की जा रही है।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!