Edited By Kalash,Updated: 24 Oct, 2026 05:48 PM

त्योहारों के सीजन के बीच महानगर में अवैध जुए के बड़े रैकेट और रसूखदारों की महफिलों का सच उजागर करने वाला एक बेहद सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
लुधियाना (राज): त्योहारों के सीजन के बीच महानगर में अवैध जुए के बड़े रैकेट और रसूखदारों की महफिलों का सच उजागर करने वाला एक बेहद सनसनीखेज वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो सामने आते ही जहां शहर के व्यापारिक व सामाजिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है, वहीं कमिश्नरेट पुलिस के उच्चाधिकारियों में भी भारी हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो क्लिप में शहर के कई जाने-माने व्यापारी और नामी हस्तियां एक टेबल के इर्द-गिर्द बैठकर लाखों रुपये के दांव लगाते और डाइस फेंकते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
टेबल पर सजी थी लाखों की गड्डियां, डाइस फेंककर लग रहे थे दांव
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक बंद कमरे में बकायदा टेबल लगाई गई है, जिसके चारों तरफ महानगर के कई प्रतिष्ठित और नामी कारोबारी बैठे हुए हैं। टेबल पर लाखों रुपये की भारतीय करेंसी के बंडल और कैश खुला बिखरा पड़ा है। वीडियो के एक हिस्से में शहर का एक जाना-माना रसूखदार व्यक्ति हाथ में डाइस लेकर उसे टेबल पर फेंकता नजर आ रहा है, जबकि आसपास बैठे अन्य लोग खेल के नियमों के अनुसार लाखों रुपये के दांव लगाते दिखाई दे रहे हैं। माहौल को देखकर साफ प्रतीत होता है कि यह कोई मामूली ताश की बाजी नहीं, बल्कि बड़े स्तर पर संचालित संगठित जुए की महफिल थी।
नामी चेहरों की मौजूदगी से शहर में मची सनसनी
इस वीडियो के पब्लिक डोमेन में आने के बाद पूरे शहर में हड़कंप मच गया है, क्योंकि टेबल पर दांव लगाने वाले आम लोग नहीं बल्कि महानगर के व्यापारिक जगत में अपनी पहचान रखने वाले प्रभावशाली चेहरे हैं। दीपावली के दिनों में अक्सर शहर के कई गुप्त ठिकानों, फार्महाउसों और क्लबों में इस तरह के बड़े दांव लगने की चर्चाएं रहती हैं, लेकिन इस बार वीडियो के सीधे बाहर आ जाने से जुए के इस खेल से जुड़े बड़े कारोबारियों के होश उड़ गए हैं।
पुलिस महकमे में हलचल, पड़ताल जारी
वीडियो कमिश्नरेट पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद विभाग में खलबली मची हुई है। पुलिस की विशेष टीमें अब यह पता लगाने में जुट गई हैं कि यह वीडियो महानगर के किस इलाके, क्लब, होटल या निजी ठिकाने का है। वीडियो हालिया दिनों का है या पुराना। इसमें दिखने वाले व्यापारियों और मुख्य रूप से डाइस फेंकने वाले व्यक्ति की सही पहचान क्या है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here