Edited By Vatika,Updated: 17 Oct, 2026 11:13 AM

ताजपुर रोड स्थित हुंदल चौक पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया,
लुधियाना(राज): ताजपुर रोड स्थित हुंदल चौक पर उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब निहंग सिंहों के एक जत्थे ने शराब ठेके के बाहर खुले में जाम छलका रहे लोगों पर डंडे बरसा दिए। निहंगों ने लाठियां फटकारते हुए शराबियों को दौड़ा-दौड़ा कर खदेड़ दिया और ठेके के बाहर लगी पानी की टोंटी को भी तोड़ डाला। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें निहंग खुले में नशा करने वालों को सख्त लहजे में चेतावनी देते नजर आ रहे हैं।
प्राप्त विवरण के अनुसार, यह घटना 15 अक्टूबर दोपहर की है जब झोटा हत्याकांड के इंसाफ को लेकर समूचे शहर में तनाव और बंद का माहौल था। ताजपुर रोड के हुंदल चौक पर स्थित शराब के ठेके के बाहर कई लोग खुलेआम सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे निहंग सिंहों के जत्थे ने जब दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर शराबियों का जमावड़ा देखा, तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। निहंगों ने तुरंत अपनी लाठियां और डंडे निकाल लिए और ठेके के बाहर बैठे पियक्कड़ों पर टूट पड़े। अचानक हुए इस एक्शन से शराबियों में भगदड़ मच गई और वे अपनी बोतलें व गिलास छोड़कर इधर-उधर भागने लगे।
शराबियों को खदेड़ने के दौरान निहंगों ने ठेके के बाहर लगी पानी की टोंटी को भी लाठियों से तोड़ दिया ताकि कोई वहां पानी या बर्फ लेकर महफिल न सजा सके। निहंगों ने तीखे तेवर दिखाते हुए दो-टूक कहा कि सार्वजनिक सड़कों और चौराहों पर बैठकर शराब पीना और तमाशा खड़ा करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आक्रोश जताते हुए कहा, "क्या इन सड़कों से हमारी बहन-बेटियां नहीं निकलती हैं? नशेड़ियों ने माहौल खराब कर रखा है। आइंदा जो भी व्यक्ति हमें यहां खुले में शराब पीता दिखा, उसका कड़ा हश्र किया जाएगा।" निहंगों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि नशे के अड्डों और खुले में पीने वालों के खिलाफ उनका यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और यदि भविष्य में कोई टकराव होता है तो उसकी सीधी जिम्मेदारी पुलिस व सिविल प्रशासन की होगी। दूसरी ओर, शराब ठेके पर तैनात कर्मचारियों ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे खुद लोगों को ठेके के बाहर बैठकर पीने की इजाजत नहीं देते। लेकिन कई लोग दबंगई दिखाते हुए उनकी बात सुनने को तैयार नहीं होते और जबरदस्ती वहीं बैठकर पीने लगते हैं।