लुधियाना सिविल अस्पताल में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घायल के बैग से निकली करोड़ों की हेरोइन

Edited By Vatika,Updated: 16 Oct, 2026 10:50 AM

ludhiana heroin recovered

महानगर में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई निर्णायक मुहिम के तहत लुधियाना पुलिस को उस समय  बड़ी सफलता हाथ

लुधियाना (राज): महानगर में नशा तस्करों के खिलाफ छेड़ी गई निर्णायक मुहिम के तहत लुधियाना पुलिस को उस समय  बड़ी सफलता हाथ लगी, जब सड़क हादसे में घायल होकर सिविल अस्पताल पहुंचे एक कथित तस्कर के पास से करोड़ों रुपये मूल्य की 3 किलो 697 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर गगनप्रीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिविल अस्पताल पहुंची एम्बुलेंस की त्वरित घेराबंदी कर घायल के सामान की तलाशी ली, जिसमें से यह नशीला पदार्थ बरामद हुआ। आरोपी वर्तमान में सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है, जहां पुलिस निगरानी के बीच उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कानूनी शिकंजा कस दिया गया है।

बैग के भीतर से 3 किलो 697 ग्राम हेरोइन हुई बरामद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर गगनप्रीत सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ 15 अक्टूबर को कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के सिलसिले में इलाके में गश्त पर थे। उसी दौरान एक मुखबिर खास ने इंस्पेक्टर को अत्यंत गोपनीय व पुख्ता सूचना दी कि एक व्यक्ति, जिसका सड़क हादसा हुआ है और जो नशीले पदार्थों की बड़ी खेप ले जा रहा था, उसे एम्बुलेंस के जरिए इलाज के लिए सिविल अस्पताल लुधियाना लाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए इंस्पेक्टर गगनप्रीत सिंह ने बिना समय गंवाए पुलिस पार्टी के साथ सिविल अस्पताल परिसर में मोर्चा संभाला। जैसे ही संबंधित एम्बुलेंस घायल को लेकर अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर पहुंची, पुलिस टीम ने मौके पर एम्बुलेंस की बारीकी से जांच शुरू की। घायल अवस्था में स्ट्रेचर पर लाए जा रहे आरोपी के निजी बैग की जब तलाशी ली गई, तो पुलिस कर्मी दंग रह गए। बैग के भीतर से 3 किलो 697 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद हेरोइन की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने बरामद हेरोइन को आधिकारिक तौर पर सील कर कब्जे में ले लिया है। आरोपी के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में आरोपी के बेड के बाहर कड़ा पुलिस पहरा बैठा दिया गया है। डॉक्टरों द्वारा उसे स्वस्थ घोषित किए जाने के तुरंत बाद औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि हेरोइन की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और शहर में किसे डिलीवर की जानी थी।

Related Story

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!