Edited By Urmila,Updated: 21 Oct, 2026 05:28 PM

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी (लुधियाना-5) संदीप कौशिक ने पुलिस अधिकारियों के सहयोग से दोराहा में दो मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया।
दोराहा (विनायक): महिलाओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एम.टी.पी.) किटों की अवैध स्टॉकिंग, खरीद-फरोख्त और दुरुपयोग को रोकने के लिए जिला प्रशासन लुधियाना की ओर से मिशन जीवनी के तहत मेडिकल स्टोरों की जांच मुहिम चलाई जा रही है। इसी मुहिम के तहत बुधवार को दोराहा के दो मेडिकल स्टोरों की जांच के दौरान कुल 7 एम.टी.पी. किटें खरीद-बिक्री के आवश्यक रिकॉर्ड के बिना स्टॉक की हुई मिलीं। डिप्टी कमिश्नर लुधियाना हिमांशु जैन, आई.ए.एस. के निर्देशों पर की जा रही इस कार्रवाई का उद्देश्य दवाइयों की बिक्री और स्टॉक संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करना तथा एम.टी.पी. किटों के गलत इस्तेमाल को रोकना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्रग्स कंट्रोल अधिकारी (लुधियाना-5) संदीप कौशिक ने पुलिस अधिकारियों के सहयोग से दोराहा में दो मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान जी.टी. रोड स्थित मैसर्स गोयल मेडिकोज में दो एम.टी.पी. किटें ऐसी मिलीं, जिनके स्टॉक और खरीद-बिक्री संबंधी आवश्यक रिकॉर्ड मौजूद नहीं थे। इसी तरह अड़ैचां रोड स्थित मैसर्स टांडा मेडिकल स्टोर की जांच के दौरान भी पांच एम.टी.पी. किटें आवश्यक रिकॉर्ड के बिना पाई गईं।
इस प्रकार दोनों मेडिकल स्टोरों से कुल सात एम.टी.पी. किटों के संबंध में रिकॉर्ड की कमी सामने आई। निरीक्षण के दौरान सामने आए तथ्यों और अनियमितताओं संबंधी रिपोर्टें आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए सक्षम अधिकारियों को भेज दी गई हैं।
जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मिशन जीवनी के तहत मेडिकल स्टोरों की निगरानी जारी रहेगी तथा दवाइयों के स्टॉक, खरीद और बिक्री संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षा करने के साथ-साथ एम.टी.पी. किटों के सुरक्षित, जिम्मेदार और कानूनी उपयोग को सुनिश्चित करना है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here