सब्जी मंडी से लौट रही बाइक सवार महिला को अज्ञात वाहन ने कुचला, सिर पर चढ़ा पिछला टायर, मौके पर मौ+त

Edited By Vatika,Updated: 23 Oct, 2026 11:19 AM

ludhiana accident news

महानगर में खस्ताहाल सड़कों, गहरे गड्ढों और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण एक और बेगुनाह नागरिक की जान चली गई।

लुधियाना (राज): महानगर में खस्ताहाल सड़कों, गहरे गड्ढों और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण एक और बेगुनाह नागरिक की जान चली गई। बस्ती जोधेवाल से जालंधर बाईपास की ओर जाने वाले फ्लाईओवर पर गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

लोगों और राहगीरों ने प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
महिला अपने रिश्तेदार के साथ सब्जी मंडी से खरीदारी कर घर लौट रही थी, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। सड़क पर गिरते ही वाहन का पिछला टायर महिला के सिर के ऊपर से निकल गया, जिससे उनका सिर बुरी तरह कुचल गया। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों और राहगीरों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुल पर जाम लगा दिया और यातायात पूरी तरह ठप कर दिया। मृतका की पहचान ताजपुर रोड निवासी 45 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है। मृतका के रिश्तेदार मास्टर ने रोते हुए बताया कि गुरुवार रात वे बस्ती जोधेवाल सब्जी मंडी से खरीदारी करने के बाद बाइक पर सवार होकर जालंधर बाईपास की तरफ अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पुल से गुजर रहे थे, तभी पीछे से अत्यधिक तेज रफ्तार में आए एक अनियंत्रित वाहन ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी।

चालक हादसे के बाद गाड़ी भगाकर मौके से फरार
टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और पूनम उछलकर सड़क के बीचों-बीच जा गिरीं। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, टक्कर मारने वाले वाहन का पिछला भारी टायर सीधे पूनम के सिर को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई। आसपास मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों ने आशंका जताई है कि टक्कर मारने वाला वाहन कोई तेज रफ्तार पिकअप डाला था, जिसका चालक हादसे के बाद गाड़ी भगाकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही संवेदना वेलफेयर सोसाइटी की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। राहत कर्मियों की मदद से क्षत-विक्षत शव को संभाला गया और सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने औपचारिक पुष्टि के बाद शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया।

अंधेरे और जानलेवा गड्ढों पर फूटा जनता का गुस्सा, पुल पर लगाया जाम
महिला की दर्दनाक मौत के बाद स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों का गुस्सा प्रशासन व नगर निगम के खिलाफ फूट पड़ा।आक्रोशित लोगों ने पुल के दोनों तरफ वाहनों को रोककर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इस व्यस्त पुल पर लंबे समय से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं और चारों तरफ घोर अंधेरा पसरा रहता है। इसके अलावा सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे बने हुए हैं, जिन्हें बचाने के चक्कर में आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। लोगों का कहना था कि प्रशासन की इसी आपराधिक लापरवाही के चलते आए दिन बेकसूर लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात चालक पर कार्रवाई की तैयारी
जाम और तनाव की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और गुस्साए लोगों को शांत करवाकर यातायात को सुचारू करवाया। जांच अधिकारी सहायक सब-इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है। एएसआई ने कहा कि परिजनों के बयानों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले सटीक वाहन और उसके नंबर का पता लगाकर फरार चालक को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!