Ludhiana में रेस्टोरेंट के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, अमृतधारी युवक पर हमला कर काटे केस

Edited By Vatika,Updated: 29 Oct, 2026 09:28 AM

firing in ludhiana

मां और साढ़े 3 साल के मासूम के सामने चलाईं करीब आधा दर्जन गोलियां

लुधियाना (राज) : महानगर में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए हथियारबंद बदमाशों ने बुधवार देर रात ढोल्लेवाल इलाके में सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। एक रेस्टोरेंट के बाहर मां और साढ़े 3 साल के मासूम बेटे के साथ बैठे पूर्व कांग्रेसी कार्यकर्ता व मौजूदा प्रॉपर्टी डीलर पर करीब 8 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने कार में बैठे परिवार के सामने 5 से 6 राउंड गोलियां चलाईं और अमृतधारी युवक के सिर पर दातर व पिस्तौल के बट से जानलेवा हमला कर बेअदबी करते हुए उसके बाल काट दिए। पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए कार भगाकर अपनी व परिवार की जान बचाई और सीधे सिविल अस्पताल पहुंचा।

रेस्टोरेंट के बाहर खाना खा रहा था परिवार, बिल चुकाने उतरा तो दागीं गोलियां
मिल्लरगंज निवासी पीड़ित जगजोत सिंह ने बताया कि वह बुधवार देर रात अपनी बुजुर्ग मां मनजीत कौर और साढ़े 3 साल के बेटे के साथ ढोल्लेवाल स्थित 'मैगी पॉइंट' रेस्टोरेंट में खाना खाने गया था। तीनों कार के भीतर बैठकर ही खाना खा रहे थे। खाना खत्म करने के बाद जगजोत मासूम बेटे के लिए पानी की बोतल लेने और खाने के पैसे देने के लिए कार से नीचे उतरा।इसी दौरान इनोवा व स्कॉर्पियो गाड़ियों में आए 7 से 8 हथियारबंद बदमाश तेजी से उसकी तरफ दौड़े और आते ही सीधी फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने पहली दो गोलियां उस पर चलाईं, जिसमें वह बाल-बाल बचा और जान बचाने के लिए तुरंत कार के भीतर घुस गया।

खिड़की के पास आकर दागीं गोलियां, मां के सामने दातर से काट दिए बाल
हमलावरों की गुंडागर्दी यहीं नहीं थमी। बदमाशों ने कार को घेर लिया और खिड़की के बिल्कुल करीब आकर गाड़ी के अंदर 2 गोलियां दाग दीं। उस समय कार में जगजोत की मां और मासूम बेटा मौजूद थे। पीड़ित के अनुसार, जब उसने कार भगाने की कोशिश की तो हमलावरों ने उसकी दस्तार के ऊपर से दातर से ताबड़तोड़ वार किए और पिस्तौल के बट से उसका सिर फोड़ दिया। अमृतधारी जगजोत ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि हमलावरों ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसके सिर में दातर फंसाकर जबरन उसके बाल काट दिए। हमले में जगजोत के सिर, पैर और आंख के पास छर्रे लगने से गंभीर घाव हुए हैं। बेटे को बचाने के लिए आगे आई मां मनजीत कौर के साथ भी हाथापाई की गई, जिससे उनके चेहरे पर चोटें आईं।

गाड़ी से मिला .45 बोर का खोल, अस्पताल पहुंचकर बची जान
हमलावरों के चंगुल से किसी तरह गाड़ी की स्पीड बढ़ाकर जगजोत अपनी मां और बच्चे को सुरक्षित निकालते हुए सीधे सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। पीड़ित की कार की खिड़कियों और बॉडी पर गोलियों के गहरे निशान मौजूद हैं, जबकि गाड़ी के अंदर से .45 बोर का एक जिंदा/खाली खोल भी बरामद हुआ है।

एक साल पहले भी घर पर चलाई थीं गोलियां, राजनीतिक रंजिश का दावा
अस्पताल में उपचाराधीन जगजोत सिंह ने बताया कि वह एक एनजीओ चलाता है और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। पहले वह कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हुआ था, लेकिन अब पूरी तरह राजनीति से दूर है। उसने आरोप लगाया कि हमलावर जनता नगर इलाके से संबंधित हैं और किसी अन्य राजनीतिक दल से जुड़े हैं। पीड़ित ने दावा किया कि हमलावरों से उसकी पुरानी चुनावी व राजनीतिक रंजिश चल रही है। करीब एक वर्ष पहले भी इन्हीं आरोपियों ने उसके घर पर धावा बोलकर सरेआम गोलियां चलाई थीं। जगजोत ने रोष जताते हुए कहा कि दुश्मनी उससे थी, लेकिन बदमाशों ने कार में बैठी बुजुर्ग मां और अबोध बच्चे की जान की भी परवाह नहीं की।

पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाले जा रहे सी.सी.टी.वी.
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल जगजोत व उसकी मां के बयान दर्ज किए। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को जांच के दायरे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और उसके आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित द्वारा नामजद किए जा रहे संदिग्धों की भूमिका की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को ट्रेस कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!