Edited By Kalash,Updated: 27 Oct, 2026 05:39 PM

जगराओं के नजदीकी गांव गगड़ा में उस समय भारी दहशत फैल गई, जब सोमवार देर रात एक अज्ञात नकाबपोश युवक ने गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के मुख्य गेट पर सरेआम गोलियां चला दीं।
लुधियाना/जगराओं (राज): जगराओं के नजदीकी गांव गगड़ा में उस समय भारी दहशत फैल गई, जब सोमवार देर रात एक अज्ञात नकाबपोश युवक ने गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के मुख्य गेट पर सरेआम गोलियां चला दीं। आरोपी ने गेट पर 2 राउंड फायर किए और मौके पर एक धमकी भरी चिट्ठी फेंककर फरार हो गया। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही लुधियाना देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार देर रात गांव गगड़ा स्थित गुरुद्वारा साहिब भगत धन्ना जी के बाहर सन्नाटा था। इसी दौरान एक युवक मुंह पर कपड़ा लपेटकर गुरुद्वारा साहिब के गेट के पास पहुंचा। उसने अपनी पिस्तौल निकालकर मुख्य गेट की तरफ लगातार 2 फायर किए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत वहां से भाग निकला। यह पूरी घटना पास लगे कैमरे में कैद हो गई है। फायरिंग करने के बाद आरोपी गुरुद्वारा साहिब के गेट पर एक चिट्ठी फेंक गया था। जब लोगों और पुलिस ने उस चिट्ठी को देखा तो उसमें गुरुद्वारा साहिब के मुखी बाबा अमरजीत सिंह और शिरोमणि अकाली दल (बादल) के सक्रिय कार्यकर्ता गुरिंदर सिंह रूमी को सीधी जान से मारने की धमकी दी गई थी।
चिट्ठी में लिखी गई धमकियों के बाद गांव में हड़कंप मच गया है और दोनों पक्षों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। वारदात की सूचना मिलते ही लुधियाना देहात पुलिस की टीमें तुरंत गांव गगड़ा पहुंचीं और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से खाली खोल और धमकी भरी चिट्ठी को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारी गांव और आसपास के मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाल रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी किस रास्ते से आया था और वारदात के बाद किस दिशा में फरार हुआ।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here